डिडवीं टिक्कर में चार गाडि़यां जलीं

By: Jun 7th, 2019 12:03 am

आधी रात को अचानक कबाड़ के गोदाम में लगी आग, 12 लाख रुपए का नुकसान

भोटा – कबाड़ के गोदाम में आधी रात को अचानक आग लगने से चार गाडि़यां राख हो गईं। वहीं दो स्कूटर भी आग की भेंट चढ़ गए। गोदाम में रखे गत्ते के आग पकड़ने के बाद आग ने अपना कहर बरपा दिया। भीषण अग्निकांड में 12 लाख रुपए की संपत्ति स्वाह हो गई। जब तक भनक लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है।  जानकारी के अनुसार राहुल ट्रेडर्ज मोहम्मद हसन गांव कदरयाणा डा. टिक्कर, तहसील व जिला हमीरपुर के कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। आगजनी में लाखों का नुकसान हुआ है। गोदाम में रखी चार पुरानी गाडि़यां, दो स्कूटर, प्लास्टिक ड्रम, गत्ता, रद्दी जल गई। घटना बीते बुधवार रात की है। रात के समय करीब दो बजे अचानक गोदाम में आग लग गई। हालांकि आग लगने के कारण अज्ञात रहे। घटना की भनक लगते ही लोग एकत्रित हो गए। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर केंद्र अधिकारी राजेंद्र चौधरी ने बताया कि अग्निकांड में 12 लाख का नुकसान हुआ है। समय पर हुई कार्रवाई से लाखों की संपत्ति आग की भेंट चढ़ने से बचा ली गई है। गोदाम में काफी मात्रा में कबाड़ रखा गया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App