ड्रग माफिया के निशाने पर हिमाचली युवा

By: Jun 4th, 2019 12:02 am

पांच महीनों में 120 किलोग्राम चरस पकड़ी, हेरोइन की बढ़ती तस्करी पुलिस के लिए चुनौती

हमीरपुर —प्रदेशभर में हत्या, बलात्कार, चोरी, सड़क दुर्घटना और अपहरण जैसी आपराधिक वारदातों में पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष इन पांच महीनों में भले ही कमी रही है, लेकिन एनडीपीएस के मामले  बढ़ते जा रहे हैं। 2019 में अब तक ड्रग पैडलर और ड्रग स्मगलिंग के मामलों में 1.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी जा रही है। बताते चलें कि 2018 में विभिन्न आपराधिक गतिविधियों के चार माह में करीब 6300 मामले  दर्ज हुए थे, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा 6240 के लगभग है। वहीं  एनडीपीएस के मामले एकाएक बढ़ गए हैं। प्रदेश पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत इस वर्ष अब तक लगगभ 120 किलोग्राम चरस पकड़ी जा चुकी है, जबकि 470 केस दर्ज कर लगभग 635 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।  वर्ष 2018 में यह आंकड़ा 460 के आसपास था। पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती हेरोइन की तस्करी बन रही है, क्योंकि इसके केस लगातार बढ़ रहे हैं। पुलिस की मानें तो हेरोइन म्यांमार, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से नेपाल और दुबई के रास्तों से यहां पहुंच रही है। इसके  सरगना तक पहुंच पाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। बताते हैं कि जो सप्लायर इसे यहां तक पहुंचाते हैं उन्हें भी मुख्य सरगना की जानकारी नहीं होती। हिमाचल में अब तक 3 किलोग्राम हेरोइन को पुलिस जब्त कर चुकी है, जिसकी कीमत लाखों में बताई जा रही है।  इस वर्ष मात्र पांच महीनों में ही 120 किलोग्राम के लगभग चरस पकड़ी जा चुकी है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है नशे के सौदागर किस तेजी से प्रदेश की युवा पीढ़ी की नसों में जहर घोल रहे हैं। जानकारी के मुताबिक हिमाचल पुलिस ने पड़ोसी राज्या, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड की पुलिस के साथ मिलकर नशे की तस्करी को रोकने के लिए मुहिम भी चलाई है जिसमें कुछ हद तक कामयाबी भी मिल रही है।

टूरिस्ट प्लेस-शिक्षण संस्थानों पर नजर 

नशे के इन सौदागरों के निशाने पर अधिकतर यहां के टूरिस्ट प्लेस और शिक्षण संस्थान हैं। यहां सबसे ज्यादा सप्लाई नशे की हो रही है। पर्यटन स्थलों में  डलहौजी, खजियार, धर्मशाला, मकलोडगंज, धर्मकोट, बीड़ बिलिंग, कुल्लू-मंडी और शिमला-सोलन के प्रमुख स्थल शामिल हैं। इसी तरह   सीयू, इंजीनियरिंग  कालेज, एनआईटी और विभिन्न कालेजों में पढ़ने वाले युवाओं पर भी नशे के सौदागरों की नजर रहती है। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App