तंदूर बना बिलासपुर, 420

By: Jun 1st, 2019 12:05 am

बिलासपुर—शुक्रवार को बिलासपुर जिला चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों से परेशान हुआ। दिन में पारा 42 डिग्री को पार कर गया। कई इलाकों में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ी व दिनभर गर्म हवाएं भी चलीं। शहर में झुलसाऊ धूप के चलते सड़कों पर सन्नाटा छा गया। वहीं, जंगलों में लगी आग से सोलन शहर व आसपास के क्षेत्रों का तापमान भी काफी तेजी से बढ़ने लगा है। खतरे की घंटी यह है कि आने वाले तीन-चार दिनों तक शहर अभी और अधिक तपने जा रहा है। इस अवधि में बारिश होने की कोई संभावना नहीं बताई जा रही है। जिला में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों का दिन के समय घरों से बाहर निकलना तक दूभर हो गया है। लोग जरूरी खरीददारी के लिए सुबह-शाम ही बाजार में निकलते हैं। दिन के समय सभी गलियां, बाजार व सड़कें सूनी पड़ जाती हैं। इसके अलावा ठंडे पेय पदार्थों का कारोबार इन दिनों खूब फल-फूल रहा है। शहर से लेकर गांव तक गर्मी से हाहाकार मच रहा है। वातावरण में दिनभर गर्म हवाएं हावी हो रही हैं। शुक्रवार को गर्म हवाओं के बीच तल्ख धूप दिनभर कहर बरपाती रही। दोपहर में तो मानों धरती पर आसमान से आग बरस रही थी। सड़कों पर इक्का-दुक्का लोग दिख रहे थे। पंखे व कूलर की हवा भी राहत नहीं दे पा रही थी। हर कोई पसीने से तर-ब-तर था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App