तंदूर बने हिमाचल के मैदान, आज चलेगी लू

By: Jun 1st, 2019 12:11 am

ऊना का तापमान 44 डिग्री से पार; बिलासपुर, हमीरपुर, सुंदरनगर भी बने भट्ठी

शिमला –हिमाचल में प्रचंड गर्मी का सितम जारी है। राज्य के मैदानी इलाके  भट्ठी की तरह तप रहे हैं और प्रदेश के चार जिलों में पारा 40 डिग्री से पार चला गया है और ऊना में तो यह 45 डिग्री सेल्सियस को छूने के लिए बेकरार है। आसमान से बरस रही आग ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के मैदानी इलाकों में शनिवार को भी सूरज की किरणें आग बरसाएंगी। विभाग ने राज्य के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर ऊष्ण लहरों के चलने की चेतावनी जारी की है। राज्य में दो से चार जून तक मौसम के तेवर नरम होंगे और इस दौैरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। हालांकि पांच व छह जून को मौसम फिर से साफ बना रहेगा। शुक्रवार को ऊना के तापमान में फिर से उछाल आया है। ऊना का पारा 44 डिग्री से पार हो गया है। ऊना में अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो समूचे राज्य में सबसे अधिक था। इसके अलावा राज्य के बिलासपुर, हमीरपुर और सुंदरनगर में भी प्रचंड गर्मी पड़ रही है। बिलासपुर का पारा 42 डिग्री से पार, हमीरपुर का 41 व सुंदरनगर का 40 डिग्री से पार हो गया है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक का उछाल आया है। तापमान में उछाल आने से राज्य के मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी भीषण गर्मी पड़ रही है। अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी आई है। राज्य के शिमला, ऊना, पालमपुर, कांगड़ा, मंडी और बिलासपुर का तापमान 20-21 डिग्री से पार हो गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा.मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के मैदानी इलाकों में शनिवार को कुछ स्थानों पर ऊष्ण लहरें चलेंगी, जबकि राज्य में दो से चार जून तक गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलेगी। इस दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी।

शुक्रवार का तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

ऊना       44.7       20.5

बिलासपुर 42.5       20.0

हमीरपुर   41.3       19.6

सुंदरनगर  40.5      17.9

कांगड़ा    39.9      20.5

चंबा       38.3       14.9


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App