तपते हिमाचल पर राहत की फुहारें 

By: Jun 13th, 2019 12:05 am

गर्मी से मिली राहत, अधिकतम तापमान मेें 13 डिग्री तक की गिरावट दर्ज

शिमला  – हिमाचल प्रदेश में बुधवार को बारिश प्रचंड गर्मी से त्रस्त जनता के लिए राहत लेकर आई है। बारिश से अधिकतम तापमान में 13 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में गिरावट आने से पहाड़ों पर मौसम सुहावना हो गया है, मगर राज्य के मैदानी इलाकों में लोगों को गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिल पाई है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के मैदानी इलाकों में गुरुवार को मौसम साफ बना रहेगा। पहाड़ों पर कुछ स्थानों पर बारिश होगी। समूचे राज्य में 14 जून को मौसम साफ बना रहेगा, जबकि विभाग ने राज्य 15 से 18 जून तक बारिश होने की संभावना जताई है। ऐसे में गर्मी की मार झेल रही जनता को आगामी दिनों में गर्मी से पूरी तरह राहत मिल सकती है। प्रदेश के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुधवार सुबह फिर से बारिश हुई। राजधानी शिमला में बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि भी रिकार्ड की गई है। बारिश से अधिकतम तापमान में एकाएक भारी गिरावट आई है, जिससे पहाड़ों पर मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि मैदानी इलाकों के तापमान में ज्यादा गिरावट न आने से जनता को अब भी गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। राज्य के ऊना का पारा अब भी 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक चल रहा है। इसके  अलावा कांगड़ा, बिलासपुर, सोलन व हमीरपुर का तापमान अब भी 34 डिग्री से ज्यादा आंका गया है। ऐसे में राज्य के इन क्षेत्रों जनता को दिन के समय गर्मी को प्रकोप झेलना पड़ रहा है। बुधवार को भुंतर के तापमान में सबसे अधिक 13 डिग्री की गिरावट आई है। इसके अलावा कल्पा में 11, सुंदरनगर व केलांग में 10, बिलासपुर व हमीरपुर में आठ और कांगड़ा के अधिकतम तापमान में छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के नाहन व चंबा के अधिकतम तापमान में बुधवार को हल्की बढ़ोतरी आंकी गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि गुरुवार को राज्य के मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहेगा। पहाड़ों पर कुछ स्थानों पर बारिश होगी। राज्य में 14 जून को मौसम साफ बना रहेगा, जबकि राज्य में 15 से 18 जून तक कुछ स्थानों पर बारिश होगी।

बुधवार का तापमान

शहर   अधिकतम      न्यूनतम

शिमला         26.7     17.4

सुंदरनगर            31.1     20.1

भुंतर         20.8     15.4

कल्पा         13.5     8.4

धर्मशाला            30.8     17.2

ऊना   40.3     25.6

सोलन            34.0     18.8

नाहन            37.2     19.7

केलांग      12.6     5.2

कांगड़ा   34.4     21.1

बिलासपुर            34.1     26.2

हमीरपुर   33.9     26.4

चंबा            31.6     17.6

बिझड़ी में सबसे ज्यादा 24 मिलीलीटर बारिश

बुधवार को हमीरपुर के बिझड़ी में सबसे ज्यादा 24 मिलीलीटर, तीसा में 22, केलांग में 21, गोहर में 16, बंजार-भुंतर में 14, जंजेहली-सेआबाग में 12, कुफरी-शिमला में 9, चंबा-मनाली में 8, ठियोग-सुंदरनगर-खदराड़ा में 7, जुब्बल-जोगिंद्रनगर-सलोणी में 6, झंडुता-सराहन में 5, धर्मशाला-पंडोह, करसोग-कल्पा में 4 तथा बैजनाथ-सुजानपुर-टिहरा में तीन मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App