देश में अब कांग्रेस के दिन लदे

By: Jun 24th, 2019 12:05 am

चंबा—सांसद किशन कपूर ने कहा है कि लोकसभा चुनावों में भाजपा को प्रचंड बहुमत राष्ट्रीयता की जीत है। इन चुनावों में देश की जनता ने जात- पात से हटकर राष्ट्रीयता व देश की सुरक्षा को तवज्जो देकर भाजपा के पक्ष में खुलकर मतदान कर नरेंद्र मोदी को दोबारा से प्रधानमंत्री की कुर्सी पर विराजमान किया है। किशन कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से बौखलाए विपक्षी दलों ने सत्ता हथियाने के लिए कई षडयंत्र रचे। मगर देश की जनता ने नरेंद्र मोदी के पांच वर्षो के कामकाज और देश की सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदमों को सराहते हुए विपक्षी दलों के मंसूबों पर पानी फेर के रख दिया। वह रविवार को मुख्यालय स्थित बचत भवन में भाजपा मंडल चंबा की ओर से आयोजित कार्यक्त्रम में बोल रहे थे।सांसद किशन कपूर ने कहा कि नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत की साख पूरे विश्व में बढी है। भारत को आंख दिखाने वाले पडोसी देश पाकिस्तान व चीन भी प्रधानमंत्री की कूटनीति के चलते बैकफुट पर आकर दोस्ताना माहौल बनाने को लेकर हाथ बढाने लगे हैं। किशन कपूर ने कहा कि लोकसभा चुनावों के नतीजों ने दर्शा दिया है कि अब देश में कांग्रेस के दिन लद चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रहनुमाई में भारत लगातार विकास की राह पर अग्रसर है। केंद्र सरकार देश के हर तबके के सामाजिक व आर्थिक उत्थान को लेकर नीतियां व कार्यक्त्रम चला रही है। जिसके भविष्य में सुखद परिणाम देखने को मिलेंगें। इससे पहले सदर विधायक पवन नैयर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने सांसद किशन कपूर का चंबा पधारने पर जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर जिला भाजपा प्रधान डीएस ठाकुर, चंबा भाजपा मंडलाध्यक्ष विनोद कुमार, महामंत्री धीरज नर्याल, जिला भाजयुमो प्रधान विनायक रैणा, जिला भाजपा महिला मोरचा प्रधान कांता ठाकुर, जिला परिषद सदस्य राकेश ठाकुर व इंद्रा कपूर, पार्षद सीमा कश्यप व धनो देवी समेत काफी तादाद में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App