नाहन बाजार में वाहनों के चालान पर भड़के व्यापारी

By: Jun 21st, 2019 12:05 am

नाहन—नाहन शहर में सिरफिरे दोपहिया वाहन चालकों के मुख्य बाजार में वाहन दौड़ाने की आड़ में अन्य व्यापारियों के किए जा रहे चालान से शहर के व्यापारी पुलिस की कार्यप्रणाली से खफा हैं। शहर के लोगों का तर्क है कि पुलिस ने उनके दुकानों व घरों केे बाहर खड़े दोपहिया वाहनों के चालान नियम के खिलाफ किए हैं, जबकि उनके वाहन उनके अपने घरों व दुकानों के दायरे में खड़े थे। ऐसे में शहर के व्यापारियों में नाहन पुलिस केे खिलाफ गुस्सा है। नाहन शहर के व्यापारियों में शामिल नवरत्न ज्वेलर्स के मालिक श्याम लाल खिंदड़ी, राकेश कश्यप, राजेश वर्मा, संजीव, कपिल गर्ग, संजय सैणी, रामकुमार सैणी, सुभाष आदि ने बताया कि नाहन पुलिस ने अचानक शहर के छोटा चौक व बड़ा चौक के हिस्से में लोगों के घरों के बाहर खड़े वाहनों केे चालान किए हैं, जबकि यह वाहन लोगों के दुकानों व घरों केे बाहर खड़े थे। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि पुलिस उन दोपहिया वाहन चालकों केे चालान नहीं करती है जो भीड़भाड़ वाले बाजार में तेज रफ्तार से अपने वाहन दौड़ाते हैं। पुलिस ने इसकी आड़ में शहर के व्यापारियों को निशाना बनाया है। व्यापारियों का कहना है कि नाहन के व्यापारियों के घर उनके दुकानों के उपर स्थित है। ऐसे में उनके दोपहिया वाहन अकसर उनके घरों व दुकानों के बाहर खड़े रहते हैं, परंतु नाहन पुलिस ने बुधवार को शहर के छोटा चौक क्षेत्र में अचानक व्यापारियों के घरों केे बाहर खड़े दोपहिया वाहनों के चालान कर दिए। यह पूर्ण रूप से नियमों के खिलाफ है।  व्यापारियों का कहना है कि इससे शहर की आवाजाही पर कोई फर्क नहीं पड़ता है। ऐसे में पुलिस की इस तरह की कार्रवाई व्यापारियों के लिए गुस्से का कारण बन रही है। नाहन शहर केे व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक सिरमौर से मांग की है कि नाहन की पुलिस को इस विषय में निर्देश जारी किए जाएं कि जो वाहन बाजार में व्यापारियों के घरों के दायरे में खड़े हैं ऐसे वाहनों के चालान न किए जाएं, क्योंकि आपातकाल स्थिति में उन्हें इन वाहनों की जरूरत घर केे बाहर पड़ती है। गौर हो कि नाहन शहर एक बेहद ही तंग कस्बा है। इसमें मुख्य बाजार में प्रातः नौ बजे से सायं आठ बजे तक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध है। बावजूद इसके दोपहिया वाहन चालक तेज रफ्तार से प्रतिबंधित समय में भी बाजार की गलियों में स्कूटर व मोटरसाइकिल दौड़ाते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App