नाहन में डबल हेल्मेट लाजिमी

By: Jun 24th, 2019 12:05 am

नाहन —नाहन शहर में यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों पर सिरमौर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। बार-बार शहर के मार्ग पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों की शिकायतें पुलिस को मिल रही थी, जिसके चलते अब नाहन पुलिस ने दोपहिया वाहनों पर सर्वप्रथम शिकंजा कसा है। पुलिस ने शनिवार से शहर में टू व्हीलर पर सवार दोनों सवारियों को हेल्मेट पहनना लाजिमी कर दिया है। इसके सार्थक परिणाम भी सामने आने लगे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई का जहां शहर के प्रबुद्ध लोग स्वागत कर रहे हैं, वहीं सिरफिरे वाहन चालकों पर अब शिकंजा कसने के भी संकेत पुलिस ने दे दिए हैं। जानकारी के मुताबिक स्कूटर व मोटरसाइकिल पर सवार दोनों व्यक्तियों को हेल्मेट पहनना होगा। पुलिस ने इसके लिए बकायदा शहर के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी शुरू कर दी है। इसके तहत नाहन शहर में पहले ही दिन पुलिस ने करीब 50 वाहनों के चालान किए। इन वाहन चालकों ने हेलमेट नहीं पहने हुए थे। गौर हो कि कुछ दिन पूर्व भी नाहन शहर में दोपहिया वाहनों पर सवार दोनों सवारियों केे लिए डबल हेल्मेट लाजिमी किया गया था। गौर हो कि ऐसे कई मामले प्रकाश मेंे आ चुके हैं जिसमें दोपहिया वाहन चालक की मृत्यु केवल हेलमेट न पहनने केे चलते हुई है। जानकारों का कहना है कि सबसे अधिक दुर्घटनाएं पांवटा क्षेत्र में होती हैं ऐसे में सिरमौर पुलिस को नाहन केे साथ-साथ पांवटा साहिब में भी दोपहिया वाहनों के लिए दोनों सवारियों को हेल्मेट पहनना आवश्यक करना होगा। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में भी दोपहिया वाहन चालकों पर शिकंजा कसने की आवश्यकता है।

क्या कहते हैं एसपी

पुलिस अधीक्षक सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा ने बताया कि दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनना आवश्यक है। इसमें वाहन चालक व उसके साथ बैठे व्यक्ति की भी सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालकों पर शिकंजा कसते हुए पहले दिन करीब 45 चालान नाहन में किए गए हैं। आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके अलावा पुलिस नाहन शहर के मुख्य बाजार में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App