नीदरलैंड्स में पहली बार योग क्रियाएं

By: Jun 17th, 2019 12:15 am

एमस्टर्डम के डैम स्क्वायर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया शुभारंभ

 शिमला —मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को नीदरलैंड्स के एमस्टर्डम के डैम स्क्वायर में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का शुभारंभ किया। इस मौके पर सीएम ने कहा कि योग ऐसी विधा है, जिसको निरंतर अपनाने से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य पर निरंतर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित किया जाने वाला यह सबसे बड़ा कार्यक्रम था। यह आयोजन भारतीय दूतावास एवं योग में गहरी रुचि रखने वाले व्यक्तियों के सहयोग से किया गया। इस दौरान योग प्रदर्शन ध्यान सत्र, संगीत, नृत्य एवं शाकाहारी भोजन पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाता है और पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2015 में इसे मनाया गया। उन्होंने कहा कि आज अमरीका, चीन, कनाडा आदि सहित 170 से अधिक देश इस आयोजन में भाग ले रहे हैं। मौजूदा समय में हर व्यक्ति, बीमारियों की रोकथाम एवं स्वस्थ रहने के लिए योग पर अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। विश्व में लाखों लोग योग से लाभान्वित हुए हैं और योग का प्रभाव प्रतिदिन और अधिक बढ़ रहा है। योग शब्द संस्कृत के शब्द युजष् से बना है, जिसका अर्थ है व्यक्तिगत चेतना का मिलन। उन्होंने कहा कि यह योग मानवता को एक खुशहाल और स्वस्थ जीवन जीने के लिए एक उपहार है। डच सेना के प्रतिनिधियों ने भी योग सत्रों में भाग लिया। नीदरलैंड्स के रक्षा मंत्रालय ने सशस्त्र सेनाओं में तनाव कम करने के लिए योग अभ्यासों को सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया है। इस अवसर पर डैम स्क्वायर स्थित रॉयल पैलेस के सामने लगभग 3000 व्यक्ति एकत्रित हुए। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित एक लघु फिल्म भी इस दौरान प्रदर्शित की गई। यह पहला मौका था, जब भारत से संबंधित कोई आयोजन डैम स्क्वायर में आयोजित किया गया।

मेड इन इंडिया उत्पाद

इस वर्ष के योग दिवस में विशेष तौर पर मेड इन इंडिया के माध्यम से भारतीय हस्तशिल्प उत्पाद प्रदर्शित किए गए। इन उत्पादों को भारत के पांच राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कारीगरों द्वारा पूरे दिन प्रदर्शित किया गया। महर्षि आयुर्वेद केंद्र द्वारा इस अवसर पर एक विशेष स्टॉल लगाया गया, जिसमें स्वस्थ जीवन के लिए योग परामर्श प्रदान की गई। नीदरलैंड्स में भारत के राजदूत वेणु राजामोनी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App