पलकों पर बिठाए

तरघेल-घुमारवीं-बिलासपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं- लोगों ने किया जोरदार स्वागत

घुमारवीं—हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से जीत का चौका लगाकर केंद्र की मोदी सरकार में वित्त एवं कारपोरेट कार्य मंत्री (राज्य) बनने के बाद अनुराग ठाकुर शनिवार को पहली बार बिलासपुर पहुंचे। जहां पर लोगों ने जगह-जगह वेलकम कर राज्य मंत्री को पलकों पर बिठाया। जगह-जगह एकत्रित हुए लोगों ने अनुराग ठाकुर को फूल मालाओं से लाद दिया। पटाखे फोड़कर, ढोल की थाप व नारेबाजी करके लोगों ने अनुराग ठाकुर का स्वागत किया। राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए लोगों का धन्यवाद किया। शनिवार सुबह राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का बिलासपुर जिला की सीमा पर घुमारवीं चुनाव क्षेत्र के तरघेल में भाजपा कार्यकर्ताओं व लोगों ने विधायक राजेंद्र गर्ग की अगवाई में स्वागत किया। इस दौरान पूरा इलाका नारेबाजी से गूंज्यमान हो गया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोगों ने अनुराग ठाकुर का वेलकम किया। इसके बाद राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का दधोल, घुमारवीं तथा जिला मुख्यालय बिलासपुर में स्वागत किया। बताते चलें कि अनुराग ठाकुर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लगातार चौथी बार सांसद बने हैं। सांसद अनुराग ठाकुर को केंद्र की मोदी सरकार में वित्त एवं कारपोरेट मंत्री (राज्य) का कार्यभार सौंपा है। मंत्री पद मिलने के बाद अनुराग ठाकुर शनिवार को पहली बार बिलासपुर जिला पहुंचे। यहां पर राज्य मंत्री का लोगों ने जगह-जगह स्वागत कर पलकों पर बिठाया। इस मौके पर घुमारवीं के विधायक राजेंद्र गर्ग, झंडूता विधायक जीत राम कटवाल, सदर विधायक सुभाष ठाकुर व पूर्व विधायक रणधीर शर्मा सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व लोग मौजूद रहे।