पहाड़ की आड़ में सरकार का बहाना

By: Jun 5th, 2019 12:06 am

सुक्खू बोले, फोरलेन पर सियासी रोटियां सेंक पीछे हटी भाजपा

शिमला  – कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सूक्खू ने भाजपा सरकार को फोरलेन निर्माण से पीछे हटने पर आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में 69 फोरलेन को सैद्धांतिक मंजूरी का हिमाचल भाजपा ने खूब ढिंढोरा पीटा था। उस समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर डीपीआर बनाने में देरी के आरोप लगाए थे, उस समय भी सरकार व कांग्रेस पार्टी ने फोरलेन की मंजूरी पर सवाल उठाए थे, मगर भाजपा इनके स्वीकृत होने का झूठा राग अलापती रही। सुक्खू ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश की जनता को सच बताएं कि भाजपा व केंद्र सरकार ने फोरलेन को लेकर झूठ बोला था और अब प्रदेश सरकार उस पर लीपापोती कर रही है। क्योंकि फोरलेन को डेढ़ साल के कार्यकाल में भाजपा सरकार धरातल पर उतारने में नाकाम रही। सरकार को केंद्र से 69 फोरलेन की पूरी तरह मंजूरी मिली ही नहीं थी। अब सरकार फोरलेन के निर्माण से पहाड़ दरकने और भौगोलिक परिस्थितियों का बहाना बना रही है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पहाड़ कहीं नहीं दरक रहे, भाजपा का झूठ बेनकाब हो चुका है। इसलिए पहाड़ों की आड़ ली जा रही है। उन्होंने कहा कि शिमला-मटौर व जोगिंद्रनगर-पठानकोट एनएच का फोरलेन होना बेहद जरूरी है। चूंकि, दोनों ही फोरलेन बेहद महत्त्वपूर्ण हैं। शिमला-मटौर एनएच तो पांच राज्यों की रीढ़ है। इसके फोरलेन होने से यातायात सुगम होने के अलावा लोगों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। उन्होंने मांग की है कि भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए माफी मांगे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App