पहाड़ को और ऊंचाई तक पहुंचाएंगे

By: Jun 8th, 2019 12:02 am

केंद्रीय राज्य मंत्री बनने के बाद पहली बार ऊना पहुंचे अनुराग ठाकुर ने बताईं भविष्य की योजनाएं

ऊना —हिमाचल में विकास को गति देने के लिए केंद्र व राज्य सरकार मिलकर कार्य करेंगे। यह बात ऊना शुक्रवार को स्थानीय परिधि गृह में केंद्रीय मंत्री का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार ऊना पहुंचे केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट कार्य मंत्री (राज्य)अनुराग ठाकुर ने नागरिक अभिनंदन समारोह में कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने इतिहास रचा है व 70 सालों में पहली बार 70 प्रतिशत से अधिक मतदान भाजपा के पक्ष मे किया है। अब पार्टी की भी प्रदेश के प्रति जिम्मेदारी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही प्रतिफल है कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र भाजपा का गढ़ बन पाया है। यहां से दसवीं बार भाजपा के सांसद ने विजय हासिल की है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। हिमाचल का विशेषकर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को ऊंचाइयों पर पहुंचाना उनका स्वपन है और इसे वह मुख्यमंत्री, मंत्रियों, भाजपा नेतृत्व, कार्यकर्ताओं व जनता के सहयोग के साथ मिलकर पूरा करने का प्रयास करेंगे। प्रदेश के लिए विकास के नए-नए प्रोजेक्ट लाए जाएंगे, वहीं विभिन्न विभागों के माध्यम से अधिक से अधिक बजटीय प्रावधान प्रदेश के लिए किया जाएगा। इसके लिए वह सीएम व राज्य के मंत्रियों से भी चर्चा करेंगे।

अनुराग आपका ही रहेगा

अनुराग ठाकुर ने कहा कि आपका अनुराग आपका अनुराग ही रहेगा। चाहे कितने ऊंचे पद पर चला जाऊं। आप सब मेरी ताकत हैं। मेरे व्यक्तित्व में पद ग्रहण करने के बाद कोई परिवर्तन नहीं आएगा। मैं सबसे पहले भाजपा कार्यकर्ता था, हूं व हमेशा  रहूंगा। मेरे व्यवहार में कभी बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बेझिझक अपने कार्यो के लिए उनके पास घर या कार्यालय में आने का भी आह्वान किया। विशेषकर बुजुर्ग लोग, जो कि उनके पिता धूमल जी के समय व उनसे पहले से पार्टी के लिए कार्य कर रहे हैं, उनका मुझ पर पूरा अधिकार रहेगा।

बजट के लिए सुझाव दें

अनुराग ठाकुर ने कहा कि पांच जुलाई को केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा, जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बजट में सुझाव देने के लिए सभी आमंत्रित हैं। देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा व्यापारियों, उद्यमियों, स्वरोजगार के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों व हर वर्ग के सुझाव चाहेगी।

कांग्रेस ने छीना, मोदी ने दिया

कांग्रेस पर प्रहार करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि यूपीए सरकार में महंगाई दर 11 प्रतिशत तक पहुंच चुकी थी, जो कि मोदी सरकार में अढ़ाई प्रतिशत तक रह गई। मोदी सरकार ने वित्तीय घाटे को साढ़े छह प्रतिशत से घटाकर साढे़ तीन से चार प्रतिशत तक लाकर दिखाया है। कांग्रेस ने तो हिमाचल प्रदेश से विशेष राज्य का दर्जा छीन लिया था, लेकिन मोदी सरकार ने वापस दिलाया।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App