पांच लाख करोड़ का होगा प्लास्टिक उद्योग

By: Jun 24th, 2019 12:02 am

नई दिल्ली -देश में प्लास्टिक उत्पादों के उपयोग में जारी तेजी से वर्ष 2025 तक इस उद्योग के बढ़कर पांच लाख करोड़ रुपए पर पहुंचने और इसमें 60 लाख लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। ‘दि ऑल इंडिया प्लास्टिक मैन्युफेक्चरर्स एसोसिएशन’ ने यह अनुमान व्यक्त करते हुए कहा कि अभी यह उद्योग 2.25 लाख करोड़ रुपए का है। इस क्षेत्र में अभी 45 लाख लोगों को रोजगार मिला हुआ, जिसके वर्ष 2025 तक बढ़कर 60 लाख होने की संभावना है। वर्तमान में देश से आठ अरब डालर के प्लास्टिक उत्पाद निर्यात किए जा रहे हैं, जिसके वर्ष 2025 तक बढ़कर 30 अरब डालर पर पहुंचने की उम्मीद है। उसने कहा कि सरकार ने वर्ष 2024 तक देश की अर्थव्यवस्था के बढ़कर पांच लाख करोड़ डालर के होने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसमें प्लास्टिक उद्योग अपना पूरा योगदान देने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए सरकार को उद्योग आधारित नीति बनानी होगी और आयातों पर शुल्क कम करना होगा।  मध्यम और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित कर अच्छी आधारभूत संरचना और वित्त की आसान उपलब्धता भी सुनिश्चित करनी होगी। संगठन ने इस उद्योग के लिए नया नारा ‘प्लास्टिक बचाओ, पर्यावरण बचाओ’ भी जारी किया है और कहा कि प्रदूषण को लेकर प्लास्टिक पर पाबंदी नहीं लगाई जानी चाहिए, बल्कि अन्य योजना बनाकर इस उद्योग को बढ़ावा देने की जरूरत है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App