पुलिस कांस्टेबल बनेंगे पूर्व फौजी

By: Jun 14th, 2019 12:01 am

हमीरपुर – हिमाचल प्रदेश सैनिक कल्याण बोर्ड ने पूर्व सैनिक कोटे से पुलिस कांस्टेबल के पदों पर भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है। पूर्व सैनिक कोटे से पुलिस कांस्टेबल व पुलिस ड्राइवर के पद भरे जाएंगे। आदर्श चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद से सैनिक बोर्ड भर्ती करने की तैयारियों में जुटा है। इसके लिए योग्य पूर्व सैनिकों की सूची तैयार की जा रही है। योग्य पूर्व सैनिकों को विभाग की तरफ से बुलावा पत्र भेजे जाएंगे। सभी योग्यता पूरी करने वालों को पुलिस विभाग में नौकरी मिलेगी। फिलहाल प्रदेश के पूर्व सैनिकों के लिए जल्द भर्ती आयोजित होने जा रही है। करीब तीन महीने से अधिक के इंतजार के बाद पूर्व सैनिकों को रोजगार के द्वार खुले हैं। जानकारी के अनुसार पूर्व सैनिक कोटे से विभाग के पास पुलिस कांस्टेबल व ड्राइवर के करीब 206 पद हैं। इन पदों को भरने के लिए प्रक्रिया अपनाई जा रही है। आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण इस भर्ती पर रोक लग गई थी। इस कारण करीब दो महीने तक भर्ती की आगामी प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई। सैनिक कल्याण बोर्ड आदर्श चुनाव आचार संहिता हटने का इंतजार कर रहा था। आचार संहिता समाप्त होने के उपरांत अब विभाग भर्ती प्रक्रिया में जुट गया है। बहुत जल्द पूर्व सैनिकों को पुलिस विभाग में नौकरी मिल जाएगी। विभाग की मानें, तो इस माह के अंत या फिर आगामी माह के शुरुआती चरण में भर्ती आयोजित की जा सकती है। पुलिस भर्ती के लिए शैक्षणिक प्रमाण पत्र सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी अनिवार्य हैं। वहीं सूत्रों की मानें, तो पुलिस को छोडक़र अन्य विभागों में भी कोटे के आधार पर पद सैनिक बोर्ड को मिले हैं। हाल ही में जेओए की भी कुछ वेकेंसी मिली है। फिलहाल पुलिस भर्ती आयोजित करने के उपरांत सैनिक बोर्ड अन्य पदों को भरने के बारे में सोचेगा। बोर्ड के अनुसार इस साल पूर्व सैनिकों की बंपर भर्ती विभिन्न विभागों में की जाएगी। कोटे के आधार पर मिलने वालों पदों को भरने के प्रयास किए जा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App