पौंग में तैरती दिखेगी फ्लोटिंग जैटी

By: Jun 8th, 2019 12:02 am

बोट में बैठने को पानी का कम स्तर नहीं बनेगा बाधा, आराम से पहुंचेंगे सैलानी

 हमीरपुर –पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विख्यात झीलों में दिखने वाले फ्लोटिंग जैटी अब पौंग लेक की शोभा बढ़ाएगी। पानी का स्तर कम होने पर भी वोट तक पहुंचने में यह सबसे अहम भूमिका अदा करने वाली है। हल्के वजन वाले इसके बाक्स पानी में आराम से तैर सकते हैं। इन बाक्स को जोड़कर झील के किसी भी कोने तक पहुंचा जा सकेगा। लेक का कम जल स्तर भी पर्यटकों के लिए कोई दुविधा पैदा नहीं कर पाएगा। अकसर देखा गया है कि जलस्तर के कम हो जाने पर वोट किनारे तक आराम से नहीं पहुंच सकती, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। वोट पर्यटक तक नहीं, बल्कि पर्यटक आराम से वोट तक पहुंच जाएगा। वोट चाहे झील के मध्य में ही क्यों न हो, पोर्टेबल फ्लोटिंग जैटी से इस तक पहुंचने के लिए आराम से ब्रिज का निर्माण हो जाएगा। इसे किसी भी शेप में बनाया जा सकता है। पोर्टेबल बाक्स जोड़कर झील के मध्य से भी रास्ता बन जाएगा। अब तक के इतिहास में पहली बार पौंग लेक को इसकी सौगात मिलने जा रही है। पौंग लेक पहुंचने वाली दो फाइबर बोट के साथ ही फ्लोटिंग जैटी भी पहुंच सकती है। इसे पुड्डुचेरी से मंगवाया गया है। बता दें कि पौंग झील का पर्यटन की दृष्टि से पूरी तरह विकसित करने का प्लान वाइल्ड लाइफ विभाग ने तैयार कर रखा है। आगामी समय में पर्यटकों की सुख-सुविधाओं और अधिक इजाफा होने की उम्मीद है। पर्यटन के हिसाब से झील को विकसित करने के लिए अब इसमें फ्लोटिंग जैटी की सुविधा मिलेगी। झील के किसी भी कोने से चंद मिनटों में झील के मध्य तक पोर्टेबल ब्रिज का निर्माण हो जाएगा। कृष्ण कुमार, डीएफओ वाइल्ड लाइफ ने कहा कि पौंग झील के लिए पुड्डुचेरी से फ्लोटिंग जैटी मंगवाई गई है। दो फाइबर बोट्स सहित फ्लोटिंग जैटी पर करीब 55 लाख रुपए व्यय किए गए हैं। पर्यटन का विकसित करने के लिए विभाग दिन-रात कार्यरत हैं। पर्यटकों की सुख-सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जाएगा।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App