पौधारोपण किया है, हम संरक्षण भी करेंगे

By: Jun 7th, 2019 12:05 am

घुमारवीं—घुमारवीं को हरा-भरा रखने के संकल्प के साथ ग्रीन घुमारवीं अभियान का आगाज किया गया। अभियान का शुभारंभ विधायक राजेंद्र गर्ग ने सीर खड्ड के किनारे श्मशानघाट के समीप पीपल का पौधा रोपकर किया। विधायक राजेंद्र गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का सपना, हरा-भरा हो प्रदेश अपना। प्रदेश को हरा-भरा रखने के लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है। पर्यावरण को बचाने तथा पौधे लगाने के लिए करोड़ों रुपए व्यय कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने चाहिए। जिससे पर्यावरण भी संतुलित रहेगा तथा प्रदेश भी हरा-भरा रहेगा। गर्ग ने कहा कि पेड़-पौधों का संरक्षण करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। पेड़-पौधे  पर्यावरण के संरक्षक होते हैं। पेड़ों की कमी से पर्यावरण में असंतुलन हो रहा है। धरती के तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। जिसका कारण पेड़ों की अनावश्यक कटाई है। ग्लोबल वार्मिंग से पर्यावरण प्रभावित हो रहा है। पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए पौधे लगाना अनिवार्य है। विधायक ने कहा कि जब  लोग अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे तभी पर्यावरण दिवस मनाना सार्थक होगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। विधायक ने क्लीन घुमारवीं-ग्रीन घुमारवीं संस्था के इस अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा उन्हें हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया।

पहले चरण में रोपे जाएंगे पीपल के पौधे

क्लीन घुमारवीं-ग्रीन घुमारवीं संस्था के अध्यक्ष श्याम लाल शर्मा ने बताया कि ग्रीन घुमारवीं अभियान के पहले चरण में उपमंडल घुमारवीं के श्मशानघाटों के समीप पीपल के पौधे रोपे जाएंगे। इसके लिए वन विभाग व स्थानीय लोगों का सहयोग लिया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम शशिपाल शर्मा, नरेंद्र ठाकुर, राकेश चोपड़ा, सुरेश ठाकुर, रमेश वर्मा, महेंद्र पाल रतवान, किशोरी लाल, संदीप शर्मा व कमल महाजन सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App