प्रदेश भाजपा में होगा संगठनात्मक बदलाव

By: Jun 6th, 2019 12:01 am

शिमला – प्रदेश भाजपा में सगठनात्मक फेरबदल की तैयारी हो चुकी है। केंद्र में संगठनात्म बदलाव के बाद ही प्रदेश में अध्यक्ष पद से लेकर अन्य सभी पदाधिकारियों में फेरबदल हो सकता है। अब तक चार चुनावों में पार्टी की अध्यक्षता कर चुके सतपाल सत्ती का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इसे देखते हुए पार्टी में अब प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए जंग भी शुरू हो गई है। हालांकि भाजपा सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष का चयन करेगी, लेकिन अब तक 10 नेताओं के नामों पर चर्चा चल रही है। भाजपा प्रदेश प्रभारी रणधीर शर्मा, त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल, चंद्रमोहन ठाकुर, राम सिंह, कृपाल परमार, विपिन परमार, सांसद रामस्वरूप शर्मा सहित 10 नेता प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि सतपाल सत्ती ने 2012 से लेकर अब तक यानी सात साल तक संगठन की कमान संभाली है। हालांकि इस साल संगठनात्मक चुनाव भी होने थे, लेकिन लोकसभा चुनाव के चलते संगठनात्मक चुनाव नहीं हो सके। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक केंद्र में संगठनात्मक बदलाव के बाद ही हिमाचल में भी प्रदेशाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों में फेरबदल हो सकता है। सत्ती की अध्यक्षता में भाजपा अब तक चार चुनाव जीत चुकी है। पहला चुनाव नगर निगम शिमला, दूसरा 2014 का लोकसभा, तीसरा 2017 का विधानसभा और अब लोकसभा चुनाव में चारों सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों को भारी मतों से जीत मिली है। बताया जा रहा है कि पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष अध्यक्ष की ताजपोशी के बाद हिमाचल में प्रदेश अध्यक्ष के चेहरे भी बदल जाएंगे।

फिर सदस्यता अभियान

प्रदेश भाजपा फिर से सदस्यता अभियान शुरू करेगी। इस महीने के दूसरे सप्ताह से सदस्यता अभियान शुरू होगा। हालांकि अभी तक अभियान शुरू करने की तिथि तय नहीं हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App