प्रदेश मंत्रिमंडल में फेरबदल के आसार

By: Jun 11th, 2019 12:20 am

विदेश दौरे से लौटते ही जयराम कर सकते हैं कैबिनेट का विस्तार

शिमला  —विदेश लौटने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंत्रिमंडल में फेरबदल कर सकते हैं। इसके अलावा कैबिनेट में विस्तार कर एक नया चेहरा शामिल किया जा सकता है। इन्वेस्टर मीट के लिए जर्मनी रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने दिल्ली में केंद्रीय हाईकमान से मुलाकात की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह से औपचारिक भेंट वार्ता के दौरान जयराम ठाकुर ने इन विषयों पर चर्चा की है। पुख्ता सूचना के अनुसार केंद्रीय हाईकमान ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को मंत्रिमंडल के विस्तार एवं फेरबदल के लिए पूरी तरह छूट दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री को कहा है कि परफार्मेंस के आधार पर मुख्यमंत्री खुद नए चेहरों का कैबिनेट में चयन करें। इसके अलावा मौजूदा मंत्रियों की कार्यशैली के आधार पर उनके विभागों में फेरबदल किया जा सकता है। इस आधार पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जर्मन व नीदरलैंड के विदेशी दौरों से लौटकर अपने नए कैबिनेट का आकार सुनिश्चित कर सकते हैं। बताते चलें कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड जीत के कारण केंद्रीय हाईकमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की कार्यशैली से बेहद प्रभावित हैं।  भाजपा के पक्ष में 70 फीसदी मतदान करने वाला हिमाचल प्रदेश देश का इकलौता राज्य है। हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों को भाजपा ने भारी अंतर से जीता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मैजिक के बीच जयराम ठाकुर की लोकप्रियता के कारण जीत का अंतर तीन से पांच लाख के बीच हर सीट पर दर्ज हुआ है। यही कारण है कि हाईकमान ने उन्हें मंत्रिमंडल के विस्तार व फेरबदल के लिए फ्री हैंड दे दिया है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इनवेस्टर मीट के लिए अगले एक सप्ताह तक विदेशी प्रवास पर रहेंगे। सीएम 15 जून को वापस शिमला लौटेंगे। इसके बाद मंत्रिमंडल के विस्तार की संभावना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App