प्रदेश में जल्द हो स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भर्ती

By: Jun 21st, 2019 12:01 am

नगरोटा सूरियां – बहु-उद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं पर्यवेक्षक संघ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष हरीश ठाकुर के आदेशानुसार  राज्य उपाध्यक्ष सोनिया डढवाल और वित्त सचिव लाइकराम रघुवंशी की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार से मिला। इस दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को आ रही समस्याओं के बारे में चर्चा की और मांगपत्र सौंपा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की सभी जायज मांगों को शीघ्र हल कर दिया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में बहु-उद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता पुरुष के 1450 के करीब पद और महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के लगभग 600 पद रिक्त पड़े हैं। प्रदेश में बहुत से उपस्वास्थ्य केंद्रों में एक एक कार्यकर्ता भी नहीं है और कई उपस्वास्थ्य केंद्र महीनों से बंद पड़े हैं। बहुत से स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को दो या तीन स्वास्थ्य उपकेंद्रों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। संघ के अध्यक्ष हरीश चंद्र ठाकुर, महासचिव रविदत्त भारद्वाज लायक़ राम रघुवंशी और समस्त कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, मुख्य सचिव से मांग की है कि बहु-उद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं पर्यवेक्षक संघ हिमाचल प्रदेश की बैठक शीघ्र बुलाई जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App