प्रदेश में बढ़ाई जाएं रेडक्रॉस की गतिविधियां

By: Jun 21st, 2019 12:03 am

शिमला में मेले के समापन कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर

शिमला  – प्रदेश मुख्यमंत्री ने हिमाचल में रेडक्रॉस गतिविधियों के विस्तार पर बल दिया है। शिमला में रेडक्रॉस मेले के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि रेडक्रॉस के महत्त्व को कभी कम नहीं आंका जा सकता, क्योंकि यह संस्था किसी धर्म, जाति तथा क्षेत्र से ऊपर उठकर दूसरों की सहायता करने में सदैव अग्रणी रही है। इसके अतिरिक्त यह संस्था लोगों को आपात स्थिति में मूलभूत सुविधाएं प्रदान करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेडक्रॉस द्वारा राज्य में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों में कई गुणा वृद्धि हुई है, जिसका श्रेय रेडक्रॉस के प्रत्येक स्वयंसेवक को जाता है। उन्होंने कहा कि यह संस्था मानवता को आपात स्थिति में सहायता पहुंचाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को संस्था की गतिविधियों के साथ जोड़ें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वह संस्था को उदारतापूर्वक दान दें, क्योंकि उनके द्वारा दिया जाने वाला अंशदान आपात स्थिति में लोगों की सहायता में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने रेडक्रॉस गतिविधियों को उपमंडल स्तर तक बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया।

हिमकेयर योजना लाए

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि राज्य में सरकार द्वारा पांच लाख रुपए तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए ‘हिमकेयर’ योजना आरंभ की गई है, ताकि आयुष्मान भारत योजना से छूटे सभी लोगों को इलाज की सुविधा मिल सके। वहीं, गंभीर रूप से बीमार रोगियों के परिजनों को राहत देने के लिए राज्य सरकार द्वारा एक नई ‘सहारा योजना’ आरंभ की गई है। इस योजना के तहत इन रोगियों की उचित देखभाल के  लिए प्रति माह 2000 रुपए प्रदान किए जा रहे हैं।

ये भी रहे मौजूद

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार, राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण शाखा (एचडब्ल्यूएस) की अध्यक्ष डा. साधना ठाकुर, पूर्व सांसद राज्यसभा विमला कश्यप, नगर निगम शिमला की महापौर कुसुम सदरेट, उप-महापौर राकेश शर्मा, एचडब्ल्यूएस के उपाध्यक्ष फिरोजा विजय सिंह, पुलिस महानिदेशक एसआर मरड़ी, शिमला के उपायुक्त अमित कश्यप, रेडक्रॉस के सचिव पीएस राणा, जिला प्रशासन के अधिकारी, जिला रेडक्रॉस के सदस्य और स्वयंसेवक भी इस अवसर पर उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App