बरोट में दिन दहाड़े गहने ले उड़े चोर

By: Jun 14th, 2019 12:05 am

फतेहपुर—पुलिस थाना फतेहपुर के तहत पड़ती पंचायत बरोट के वार्ड तीन में गुरुवार को चोरों ने दिन दिहाड़े चोरी को अंजाम देते हुए लाखों के गहने उड़ा लिए। मिली जानकारी के अनुसार उपरोक्त वार्ड के होशियार सिंह के घर सुबह के समय चोरों ने इस तरह से चोरी को अंजाम दिया। जैसे वे गहनों की जगह को भलीभांति जानते हों। बता दें कि होशियार सिंह की बहू रीनू पत्नी संजीव सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने गई थी, वहीं होशियार सिंह भी घर से बाहर थे, जबकि रीनू की सास पशुओं को चारा डालने निकली थी कि चोरों ने छत को जाने वाले सीढि़यों के दरवाजे को तोड़ने उपरांत छत पर चढ़ते हुए पेटी के ताले तोड़ उसमें से सभी गहने निकाल फरार हो गए। इसका पता रीनू को करीब साढ़े 11 बजे चला, जब वह सामान लेने के लिए छत पर जाने लगी, तो सीढि़यों के दरवाजे टूटा देख सहम गई। शोर मचाने उपरांत जब देखा गया, तो छत पर रखी पेटी खुली थी व उसमें से गहने गायब थे, जिसे देख प्रभावित परिवार के पांवों तले से जमीन खिसक गई, तुरंत प्रभावित परिवार ने वार्ड सदस्य स्वर्ण सिंह को इसकी जानकारी दी, जिस पर वार्ड सदस्य ने पुलिस थाना फतेहपुर सूचित किया। खबर लिखे जाने तक पुलिस छानबीन में जुटी हुई थी।  प्रभावित महिला ने बताया कि चोर उनके करीब सात  तोले सोने के गहने ले गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App