बारिश ने गर्मी से दिलाई राहत

By: Jun 25th, 2019 12:15 am

 अधिकांश क्षेत्रों में बौछारों से छह डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का तापमान

शिमला —गर्मी की मार झेल रहे हिमाचल में बारिश लोगों को राहत लेकर आई है। बारिश से तापमान में एक से छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।  तापमान में गिरावट आने से लोगों ने गर्मी  से राहत ली है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि  राज्य के मैदानी इलाकों के साथ-साथ शिमला, कुल्लू, सोलन, सिरमौर और चंबा में 30 जून तक छिटपुट बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी विभाग ने 27 जून तक बारिश होने की संभावना जताई है। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 28 से 30 जून तक धूप खिलेगी।  हिमाचल में सोमवार सुबह से ही  आसमान में बादल घिरे रहे। दोपहर बाद प्रदेश में गर्जन के साथ बारिश शुरू हुई।  इस दौरान राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश रिकार्ड की गई है। राजधानी शिमला के साथ-साथ मध्यम ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश आंकी गई है। बारिश से अधिकतम तापमान में 6 डिग्री तक की गिरावट आंकी गई है। चंबा के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक छह  डिग्री की गिरावट रिकार्ड की गई है। इसके अलावा कांगड़ा व ऊना में 5, सुंदरनगर, भुंतर, नाहन, बिलासपुर, सोलन व हमीरपुर में 4, डलहौजी, शिमला में 3, कल्पा में 2, और धर्मशाला में एक डिग्री तक तापमान लुढ़का है। बीते 24 घंटों में सुजानपुर टीहरा में 28, नाहन में 22, सोलन में 13, सराहन में 12, जोगिंद्रनगर में 10 और बिलासपुर में 2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।  वहीं प्रसिद्ध पर्यटक स्थल चायल में सबसे ज्यादा 62 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 30 जून तक मौसम खराब बना रहेगा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 28 से 30 तक मौसम साफ बना रहेगा।

तापमान पर नजर

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    24.4       17.7

सुंदरनगर  33.8       22.8

भुंतर       32.6       20.2

कल्पा     22.7       11.8

धर्मशाला   27.2       18.6

ऊना       36.5       25.2

सोलन     31.0       16.4

नाहन      29.5       21.7

कांगड़ा    31.0       24.8

बिलासपुर 32.7       23.8

हमीरपुर    32.5       23.6

चंबा       29.2       20.5

डलहौजी  19.0       15.7


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App