ब्यास नदी में मिली अज्ञात लाश का अंतिम संस्कार

By: Jun 24th, 2019 12:05 am

नादौन —तीन दिन पूर्व नादौन के औद्योगिक क्षेत्र के निकट कोहला गांव में ब्यास नदी किनारे मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की पहचान न होने पर रविवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस की देखरेख में नादौन के श्मशानघाट पर नगर पंचायत कर्मचारियों ने अज्ञात व्यक्ति का संस्कार किया। शव मिलने के बाद इसे हमीरपुर मेडिकल कालेज भेजा गया था, परंतु वहां से इसे फोरेंसिक जांच के लिए टांडा रैफर कर दिया गया था। जांच पूरी होने के बाद इसे पुलिस नादौन ले आई थी। गत गुरुवार को नादौन के औद्योगिक क्षेत्र के निकट कोहला गांव में ब्यास नदी किनारे लोगों ने पानी में तैरते हुए शव को देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने शव को ग्रामीणों की सहायता से नदी से बाहर निकाल कर इसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। थाना प्रभारी नादौन महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में प्रदेश के सभी थानों में इस अज्ञात शव की सूचना दे दी है। मृतक के पास से किसी भी प्रकार का कोई पहचान पत्र या अन्य कोई ऐसी वस्तु प्राप्त नहीं हुई ह,ै जिससे उसकी पहचान की जा सके। उन्होंने बताया कि टांडा में फोरेंसिक जांच पूरी होने के बाद रविवार को इस अज्ञात शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App