भाजपा प्रत्याशी को दिए 72.4 फीसदी मत

By: Jun 11th, 2019 12:05 am

सुंडला, बनीखेत—खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं नवनिर्वाचित सांसद किशन कपूर ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में इस बार नया इतिहास रचा गया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने देश के विकास व जनकल्याणकारी नीतियों व कार्यक्त्रमों के पक्ष में सकारात्मक मतदान किया है। वह सोमवार को डलहौजी हल्के के सुंडला में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र में भी मतदान में नया इतिहास बनाया गया है। कांगड़ा- चंबा क्षेत्र के मतदाताओं ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में 72.4 फीसदी मत प्रदान किए हैं, जोकि भारतवर्ष में सबसे अधिक है। किशन कपूर ने कहा कि भाजपा सरकार की  योजनाओं ने लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाए हैं। उन्होंने कहा कि विकास भाजपा सरकार का मूल मंत्र है। इसी लक्ष्य के साथ योजनाओं व कार्यक्त्रमों को लागू किया जा रहा है। किशन कपूर ने लोगों को विश्वास दिलाया कि उनकी भावनाओं के प्रति खरा उतरने के लिए वह दिन.रात कड़ा परिश्रम करेंगे। और क्षेत्र में विकास के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों का यह दायित्व है कि वह लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। एनएचपीसी से संबंधित समस्याओं का हरसंभव तरीके से समाधान किया जाएगा। जिला चंबा में पर्यटन के क्षेत्र में विकास के लिए नई संभावनाएं तलाश की जाएगी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया और कहा कि वह इस कुरीति को खत्म करने के लिए सहभागिता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि लंगेरा में  सुदृढ़ दूरसंचार नेटवर्क प्रदान करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।  जिला भाजपा जिला अध्यक्ष श्री डीएस ठाकुर ने अपने संबोधन में मतदाताओं का भारी समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सरकार द्वारा कई प्रयास किए जा रहे हैं। इस क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के लिए भी दृढ़ प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सुंडला में खेल का मैदान बनाने सहित क्षेत्र के लोगों की विभिन्न मांगों को प्रस्तुत किया। इस मौके पर मंडलाध्यक्ष विजय ठाकुर, महामंत्री श्री देशराज बसंत व कुलदीप शर्मा संगठन के पदाधिकारी, उपमंडलाधिकारी विजय कुमार धीमान और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इससे पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर का बनीखेत पधारने पर भी जोरदार स्वागत किया। किशन कपूर ने बनीखेत स्थित नाग मंदिर में शीश नवाजा। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को भी सुना और अधिकारियों को निर्देश देते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App