भीषण गर्मी… आग से करोड़ों का नुकसान

By: Jun 10th, 2019 12:05 am

मंडी—बढ़ती गर्मी की तपिश के चलते आग लगने की घटनाओं में काफी इजाफा हुआ है। हालांकि गत सप्ताह बारिश व ओलावृष्टि से गर्मी से राहत मिली है, लेकिन पारा बढ़ते ही गत सप्ताह धनोटू की रेडिमेड के शोरूम में आगजनी की घटना में करीब दस लाख का सामान जल कर राख हो गया है। इसके अलावा  पटड़ीघाट के मझवान गांव में  नेत्र सिंह की गोशाला जलकर राख हो गई। आग बुझाते समय गोशाला का मालिक भी झुलस गया। कमांद गांव में आग की घटना से 12 कमरों का दो मंजिला मकान  राख हो गया। इससे करीब 50 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली में  अचानक गोशाला में आग लगने से 12 कमरों राख हो गए। इससे पीडि़त परिवार का करीब 22 लाख रुपए का नुकसान हो चुका है। सरकाघाट क्षेत्र की पटड़ीघाट पंचायत के गोभड़ता, घनेड़ और चहड़ी जंगल में आग के कारण पांच हैक्टेयर जंगल जल कर राख हो गया।

नशे के खिलाफ बच्चों का अभियान

नशीले पदार्थों को प्रयोग करने के लिए भले ही कितनी भी मनाही की जाए या चेतावनी दी जाए। इसके बावजूद लोग बेखौफ जमकर नशाखोरी करते हैं। वहीं मंडी  शहर में दो नन्हें बच्चों ने लोगों को नशे का सेवन न करने के लिए प्रेरित कर अलग पहचान बनाई है। दोनों बच्चों को जैसे ही कोई अंकल सिगरेट पीते दिखता है। वे बोलते हैं अंकल गंदी बात है, इसे बुझा दो। आपको पता है सिगरेट पीने से आदमी को कैंसर भी हो सकता है। इतना ही नहीं नन्हें स्कूली छात्रों ने उसकी शिकायत पुलिस में करने की धमकी देते है, तो उक्त अंकल  शर्म और डर के मारे सिगरेट को आखिर बुझा ही देते हैं। बच्चों की इस प्ररेणा को देखकर हर कोई हैरान है।

अरे… पाकिस्तान का सिग्नल

मंडी जिला में पाकिस्तानी सेल्यूलर कंपनी के सिग्नल मिलने से हड़कंप मच गया है। सिग्नल मंडी जिला के बड़ा देव कमरूनाग को जाने वाले रास्ते पर जंगलों के बीच आ रहा है। पर्यटक पाकिस्तान के सिग्नल आने से हैरान हंै। वहीं, उक्त मामले के बाद पुलिस विभाग ने जांच शुरू कर दी है। रास्ते में जिस पाकिस्तानी सेल्यूलर कंपनी का सिग्नल ट्रेस हो रहा है वह कंपनी है जोंग। अब यह बात इसलिए भी सकते में डालने वाली है, क्योंकि जोंग में चीन के सरकारी चाइना मोबाइल कारपोरेशन ने इनवेस्ट किया है।

ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान

गत सप्ताह सराज विधानसभा क्षेत्र में फलदार पौधों और मटर की फसल पर ओलावृष्टि ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। ओलावृष्टि से सराज के खेतों में तैयार हरे मटर की फसल सहित सेब व अन्य फलदार बागीचों को भारी नुकसान हुआ है। इससे क्षेत्र के किसानों और बागबानों को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। ओलावृष्टि सराज में सेब व अन्य फलदार पौधों में फलों को जख्मी कर दिया है। ओलावृष्टि से सराज के मलाड, शिकावरी, गुनास, थनुटा भाटकीधार, बागाचनोगी, शिल्हीबागी, धरबारथाच, चेत, वथीयूट आदि क्षेत्रों में दो से तीन इंच तक ओलावृष्टि ने किसानों और बागबानों को भारी नुकसान पहुंचाया है।

स्कूलों में नशे के खिलाफ जागरूकता

पर्यावरण दिवस के दौरान लोगों को जागरुक करने के लिए स्कूली बच्चों द्वारा जागरुकता रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली में जहां प्रतियोगिताओं का दौर जारी रहा। वहीं कुछ स्कूली बच्चों ने सफाई अभियान द्वारा स्कूल परिसर को साफ किया। इसके अलावा अंडर-14 वर्ग की स्कूली खेलों को लेकर प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरु कर ली है। इसमें अंडर-14 वर्ग में 15 जून से लड़कियों की और 19 जून से लड़कों की खेलों का आगाज होगा।

बारिश होते ही मिली गर्मी से राहत

गत सप्ताह मंडी जिला के विभिन्न क्षेत्रों में जमकर बारिश व ओलावृष्टि हुई। जमकर हुई बारिश से लोगों ने गर्मी से राहत मिली है।  अचानक मौसम के करवट बदलते ही अंधेरा हो गया। इससे वाहन चालकों को गाडि़यों की लाइट ऑन करनी पड़ीं।  तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम सुहावना होते ही बाजारों में रौनक लौट आई है। जमकर बारिश होने के कारण किसानों-बागबानों के चेहरे भी खिल उठे हंै। इस बारिश के बाद किसान मक्की की फसल की बिजाई में जुट गए हैं। 

ब्यास में बच्ची का शव मिलने से सनसनी

मंडी जिला में घटनाओं का तांडव जारी है। गत सप्ताह जिला के अलग-अलग क्षेत्रों की घटनाओं में करीब लोगों की जान जा चुकी है। इसमें एक दिन में तीन महिलाओं ने फंदा लगा आत्महत्या कर ली, जबकि टुल्लू पंप से करंट लगने से शिक्षा खंड गोपालपुर दो के जेबीटी शिक्षक की मौत हो गई। मंडी शहर के ब्यास नदी में एक बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। इस घटना से शिक्षक जगत शोकाकुल में डूब गया। इसके अलावा मुल्थान में ऊहल नदी में डूबने से एक पर्यटक की मौत हो गई। मृतक रोहतक का निवासी था।

मंडी में हेल्पलाइन नंबर

 उपायुक्त कार्यालय के लिए संपर्क नंबर-01905222355     व्हाट्स ऐप नंबर-7650025201   गुमशुदगी की शिकायत-9459100100 0 चाइल्ड हेल्पलाइन- 1098   गुडि़या हेल्पलाइन-1515   होशियार हेल्पलाइन-109

अवैध बजरी व रेत नीलाम

गत सप्ताह खनन  विभाग ने बल्ह क्षेत्र में पकड़ी गई 1700 मीट्रिक टन अवैध बजरी व रेत को सोमवार नीलम कर दिया। विभाग ने नियमानुसार अवैध रेत व बजरी को एक लाख 63 हजार रुपए में एक बोलीदाता को नीलाम किया है। विभाग ने अवैध खनन करके डंप लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

पर्यटन स्थलों पर सैलानियों का तांता

इन दिनों पर्यटक स्थलों पर पर्यटक खूब मौज-मस्ती कर रहे हैं। पर्यटकों की आवाजाही के चलते जिला के समस्त होटल, विश्राम गृह पूरी तरह पैक हैं। वहीं राष्ट्रीय उच्च मार्गों पर पर्यटकों की आवाजाही के चलते वाहनों का खूब जाम लग रहा है, लेकिन सराज के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों की सड़कों की हालत ही बहुत ही खस्ता है। मैदानी इलाकों में तपती गर्मी से निजात पाने के लिए टूरिस्ट ने कदमताल शुरू तो दी है, मगर आवाजाही के दौरान मेहमानों को बदहाल सड़कें रास नहीं आ रही हैं।

सावधान ! नदियों से रहें दूर, कभी भी बढ़ सकता है जलस्तर

ऊपरी क्षेत्रों में बर्फ पिघलने के कारण ब्यास नदी का जलस्तर गत सप्ताह से बढ़ना शुरू हो गया है।  पंडोह डैम का जलस्तर भी खतरे के निशान ऊपर है। ऐसे में डैम प्रबंधन को पानी छोड़ना पड़ रहा है। पंडोह डैम से पहले बने लारजी डैम पर भी ऐसी ही स्थिति है। इसके चलते पंडोह डैम प्रबंधन ने लोगों को सूचित करने के लिए अपने सायरन व्हीकल को नदी किनारे दौड़ा रहा है। यह व्हीकल लोगों को ब्यास नदी के किनारे न जाने की चेतावनी दे रहा है।

बाजारों में पहुंचने लगी लोकल सब्जी

गर्मियों के सीजन के साथ अब मंडी जिला की लोकल सब्जी भी बाजारों में दस्तक दे दिया है। इसमें लोकल खीरा, लौकी, कद्दू, भिंडी, बैगन, लिंगड़ सहित अन्य सब्जियों को लेकर किसान बाजारों मेंे अपनी दुकाने सजाना शुरु कर दिया है। लोग छुट्टी वाले दिन लोकल सब्जी खूब खरीदते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App