मंत्रिमंडल में बने रहेंगे किशन कपूर

By: Jun 2nd, 2019 5:50 pm

कैबिनेट की मीटिंग में पहुंचे नवनिर्वाचित भाजपा सांसद, 17 जून को लेंगे एमपी की शपथ

शिमला —लोकसभा सांसद निर्वाचित होने के बावजूद सांसद किशन कपूर हिमाचल मंत्रिमंडल में बने रहेंगे। फिलहाल वह मंत्री पद से त्यागपत्र नहीं देंगे। इस कारण खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की फाइलें खाद्य मंत्री किशन कपूर को ही जाएंगी। इस आधार पर किशन कपूर ने शनिवार को कैबिनेट की बैठक में हिस्सा लिया।  पुख्ता सूचना के अनुसार लोकसभा का सत्र 17 जून के आसपास आरंभ होगा। इस दौरान किशन कपूर सांसद पद की शपथ लेंगे। नियमों के तहत शपथ लेने से पहले किशन कपूर को विधानसभा पद छोड़ना होगा। लिहाजा किशन कपूर 17 जून तक हिमाचल सरकार में मंत्री बने रहेंगे। किशन कपूर ने कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से रिकार्ड तोड़ जीत हासिल की है। उनके इस रिकार्ड को देश भर में काफी ऊपर आंका गया है। पहले माना जा रहा था कि अपनी इस जीत के आंकड़े से वह केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह बना लेंगे, लेकिन फिलहाल ऐसा नहीं हो सका। शनिवार को कैबिनेट की बैठक में किशन कपूर आएंगे या नहीं इसे लेकर सभी की नजरें थीं, लेकिन किशन कपूर बैठक में पहुंचे। यहां कैबिनेट के सदस्यों ने उनका स्वागत किया और मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी। किशन कपूर के विभागों के प्रस्तावों पर भी कैबिनेट में चर्चा की गई।  जब तक वह सांसद पद की शपथ नहीं लेंगे, तब तक वह प्रदेश सरकार में मंत्री रहेंगे। यहां बता दें कि राज्य में मंत्रिमंडल में नए सदस्यों को शामिल करने पर भी सरकार इसके बाद ही विचार करेगी। हालांकि इस कतार में कई लोग हैं, परंतु इनपर फैसला बाद में होगा। फिलहाल किशन कपूर अपने महकमे देखते रहेंगे और ऊर्जा विभाग जो खाली हुआ है, उसमें भी फिलहाल किसी नई तैनाती का विचार नहीं है। सरकार दोनों पदों पर एक साथ नियुक्तियां करेगी, लेकिन इससे पहले सांसद शपथ लेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App