मनाली-लेह मार्ग पर थमी रफ्तार

By: Jun 13th, 2019 12:15 am

बारालाचा में बर्फबारी के बाद प्रशासन कोे केलांग में ही रोकनी पड़ी गाडि़यां, लाहुल-स्पीति के तापमान में भारी गिरावट

मनाली – खराब मौसम ने मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों आवाजाही को रोक दिया है। बारालाचा दर्रे पर बुधवार को हुए हल्के हिमपात के कारण जहां गाडि़यों के पहिए थम गए हैं, वहीं लाहुल-स्पीति के पर्यटन करोबार को भी झटका दे डाला है। खराब मौसम के कारण पर्यटक लाहुल तो पहुंच रहे हैं, लेकिन केलांग से आगे नहीं जा पा रहे हैं। ऐसे में लाहुल पहुंचे पर्यटक वापस मनाली लौट रहे हैं। बुधवार को मौसम के बदले मिजाज ने जहां लाहुल-स्पीति के पहाड़ों पर जहां बर्फबारी का दौर शुरू कर दिया, वहीं घाटी के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि आठ माह बाद बहाल हुए मनाली-लेह मार्ग पर एक बार फिर खराब मौसम भारी पड़ा है और यहां रफ्तार पर ब्रेक लगा डाली है। जून माह में भी लाहुल-स्पीति में हो रही बर्फबारी ने सैलानियों को तो चौंका डाला है, वहीं मनाली-लेह मार्ग पर गाडि़यों की आवाजाही को भी प्रभावित किया है। लाहुल में बुधवार को बारिश व हल्की बर्फबारी का दौर दिन भर चलता रहा। खराब मौसम के कारण लेह की तरफ जाने वाले वाहनों को लाहुल-स्पीति प्रशासन ने केलांग में ही रोक दिया। प्रशासन का कहना है कि बारालाचा दर्रे पर हो रही बर्फबारी को ध्यान में रख गाडि़यों की आवाजाही  को रोका गया है। मौसम खुलने तक केलांग से लेह की तरफ गाडि़यों को नहीं भेजा जाएगा। ऐसे में खराब मौसम को ध्यान में रख सैलानियों ने भी घाटी से वापस मनाली का रुख करना शुरू कर दिया है। 

रोहतांग पर बर्फबारी देख सैलानी खुश

मनाली से रोहतांग की तरफ निकले सैलानियों को भी बुधवार सुबह दर्रे पर पहुंच जहां लंबे ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा, वहीं दर्रे पर हो रहे हल्के हिमपात ने सैलानियों को खुश कर डाला। जून  में रोहतांग दर्रे पर बर्फबारी होते देख सैलानी खासे खुश दिखे। पर्यटन करोबारियों का कहना है कि रोहतांग दर्रे पर हो रहे हिमपात से मनाली के पर्यटन कारोबार को रफ्तार मिलेगी। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में मनाली में सैलानियों की संख्या में भी इजाफा होगा। बुधवार को मनाली में जहां बारिश का दौर जारी रहा, वहीं रोहतांग में हल्का हिमपात हुआ। बर्फबारी के बीच रोहतांग दर्रे पर लगे ट्रैफिक जाम को बहाल करवाने के लिए पुलिस जवानों को भी खासी कसरत करनी पड़ी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App