राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर कल आएंगे हमीरपुर

By: Jun 6th, 2019 12:07 am

गांधी चौक पर भाजपा करेगी नागरिक अभिनंदन, दूरियां बनाने वाले सबसे ज्यादा भर रहे हाजिरी

हमीरपुर -हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लगातार चौथी बार सांसद और राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर मोदी मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद सात जून को पहली बार अपने गृह जिला हमीरपुर आ रहे हैं। उनके इस्तकबाल के लिए हमीरपुर भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बताया जा रहा है कि अनुराग ठाकुर का हमीरपुर के गांधी चौक में नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। सात जून को सायं करीब चार बजे राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का पहले नादौन उपमंडल मुख्यालय में स्वागत किया जाएगा। उसके उपरांत वह सीधे हमीरपुर आएंगे और यहां गांधी चौक में करीब छह बजे राज्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन होगा। अनुराग ठाकुर के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। बता दें कि लगभग चार लाख मतों से जीत हासिल करने वाले अनुराग ठाकुर ने 30 मई को मोदी के मंत्रिमंडल में बतौर राज्य मंत्री शपथ ग्रहण की थी। मोदी सरकार में उन्हें वित्त और कारपोरेट कार्य मंत्रालय का राज्य मंत्री बनाया गया है। अनुराग के राज्य मंत्री बनने के बाद हमीरपुर की सियासी हवाएं भी बदली-बदली नजर आ रही हैं। राज्य मंत्री बनने से जहां अनुराग ठाकुर का कद बड़ा है वहीं, सत्ता का पावर सेंटर कहे जाने वाले हमीरपुर में फिर से नया जोश आया है। यही नहीं, विधानसभा चुनावों के उपरांत पूर्व सीएम की हार के बाद जो धूमल परिवार से दूरियां बनाने लगे थे, वे भी अब पास आते दिख रहे हैं और स्वागत समारोह का हिस्सा बनने जा रहे हैं। यही नहीं, दिलचस्प बात यह है कि अनुराग ठाकुर की जीत और उनके राज्य मंत्री बनने के बाद समीरपुर में हाजिरियां भरने वालों में वे लोग सबसे आगे रहे हैं। शायद उन्हें आभास हो गया है कि कहीं दूसरी जगह की अपेक्षा उनका भविष्य हमीरपुर में ज्यादा सुरक्षित है।

कांग्रेसी नेता अज्ञातवास पर

वहीं लोकसभा चुनावों से पहले जो कांग्रेस के नेता या तो टिकट की दौड़ में थे या फिर अनुराग ठाकुर को भारी मतों से पराजित करने के दावे करते नहीं थकते थे, वे तो लगता है आजकल अज्ञातवास पर चले गए हैं।  चुनावों के नतीजों के बाद से उनकी कोई खबर नहीं है।

भाजपा करेगी जोरदार स्वागत

जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा और कृषि उपज मंडी समिति हमीरपुर के अध्यक्ष अजय शर्मा ने बताया कि सात जून को अनुराग ठाकुर का भव्य स्वागत होगा। उन्होंने बताया कि सांसद के स्वागत को जिला भाजपा ने तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी हैं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।

नादौन में राज्य मंत्री का होगा जोरदार वेलकम

नादौन। वित्त एवं कारपोरेट राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर मंत्री बनने के बाद पहले बार सात जून को नादौन में आ रहे हैं। नादौन की सीमा ब्यास पुल पर उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा, जिसे लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा मंडल महासचिव पवन शर्मा ने बताया कि राज्य वित्त मंत्री सात जून को शाम तीन बजे नादौन पहुंचंेगे। यहां पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। उनके स्वागत के लिए रूप रेखा तैयार की जा रही है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे निर्धारित समय व स्थान पर पहंुचकर अनुराग के अभिनंदन कार्यक्रम में पहुंचें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App