रात भर धरने पर बैठी रहीं महिलाएं

नादौन —उपमंडल के साथ सटे ज्वालामुखी क्षेत्र की दरीण पंचायत में खुल रहे शराब के ठेके के विरोध में रविवार सुबह से धरना पर बैठी महिलाएं रात भर भी उसी स्थल पर बैठी रहीं। महिलाओं का यह धरना सोमवार को भी दिन भर चलता रहा। गौर हो कि क्षेत्र के तीन महिला मंडलों सहित साथ लगते गांवों की अन्य महिलाओं ने ठेके के समक्ष धरना दे दिया है। महिलाएं इस ठेके को बंद करने की मांग पर अड़ गई हैं। महिलाओं ने ठेके के विरोध में प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दरीण पंचायत प्रधान सरोज कुमारी, महिला मंडल प्रधानों राजपूतां बरोटा से मीरा देवी, जमूली से पुष्पा देवी तथा बरोटा जागीर से मुकेश कुमारी आदि ने बताया कि पंचायत में जमूली चौक पर यह ठेका खोला गया है। उन्होंने बताया कि इस चौक पर दिन-रात लोगों की आवाजाही होती है। इसी स्थल पर स्कूल व कालेज जाने वाले बच्चे बस लेते हैं। वहीं आसपास के खेतों में लोग काम करते हैं। उन्होंने बताया कि यहां लगे हैंडपंप से विशेष तौर पर महिलाएं अकसर पानी भरने आती हैं। ऐसी परिस्थितियों में यहां का शांत वातावरण खराब हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस स्थल पर ठेका खुलने नहीं दिया जाएगा। वहीं प्रधान सरोज कुमारी ने बताया कि उन्होंने पंचायत की ओर से यहां ठेका खोलने का किसी भी प्रकार का अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि यहां पर नियमों की अवहेलना कर ठेका खोलने का प्रयास किया जा रहा है, जोकि सरासर गलत है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र इस ठेके को बंद किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन की ओर से यह ठेका बंद नहीं किया जाता उनका धरना-दिन रात जारी रहेगा। इस संबंध में एसडीएम राकेश कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जाएगी।