रेडक्रास को सींचने वाले सम्मानित

By: Jun 21st, 2019 12:05 am

शिमला—स्वस्थ समाज के लिए रेडक्र ॉस मंे जनता को दान करने की उदारता दिखानी चाहिए। जिला रेडक्रॉस मेले का उद्घाटन करते हुए राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि रेडक्रॉस पीडि़त मानवता की सेवा में कार्य कर रहा है और समाज के सभी वर्गों को इस पुनीत कार्य में योगदान देने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि सहायता एवं जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशीलता का होना महत्वपूर्ण है। उन्होंने रेडक्रॉस द्वारा आयोजित की जाने वाली गतिविधियों के साथ और अधिक लोगों को जोड़ने के लिए तथा इसे जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से राज्य रेडक्रॉस को उदारतापूर्वक दान देने का आग्रह किया ताकि वंचितों को सहायता प्रदान की जा सकें। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी गतिविधियों के लिए संसाधनों को जुटाने के प्रयास किए जाने चाहिए तथा नागरिकों को रेडक्रॉस की गतिविधियों से स्वयं को जोड़ना चाहिए। उन्होंने रेडक्रॉस के स्वयंसेवकों की संख्या बढ़ाने के लिए सदस्यता अभियान आरम्भ करने पर भी बल दिया। राज्यपाल ने रेडक्रॉस के सदस्यों और लोगों से अन्य सामाजिक गतिविधियों के साथ जुड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य शिविर और स्वच्छता अभियान के लिए वृक्षारोपण कुछ ऐसी गतिविधियां हैं, जिनसे सभी को जुड़ना चाहिए। उन्होंने इस अवसर पर लगाए गए स्टालों का भी दौरा किया और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। राज्यपाल ने इस अवसर रेडक्रॉस के लिए धन एकत्रित करने वाले विभिन्न स्कूलों, संघों को सम्मानित किया। पोर्टमोर और राजकीय स्कूल रझाना के विद्यार्थियों द्वारा इस अवसर पर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण शाखा की अवैतनिक सचिव पूनम चौहान ने राज्यपाल का इस अवसर पर स्वागत किया तथा रेडक्रॉस की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

 कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण शाखा (एचडब्ल्यूएस) की अध्यक्ष डा. साधना ठाकुर, नगर निगम शिमला की महापौर कुसुम सदरेट, उप-महापौर राकेश शर्मा, राज्यसभा की पूर्व सांसद विमला कश्यप, अस्पताल कल्याण शाखा की उपाध्यक्ष (एचडब्ल्यूएस) फिरोजा विजय सिंह, उपाध्यक्ष कविता मरड़ी, राज्यपाल के सलाहकार डा. शशिकांत शर्मा, उपायुक्त शिमला अमित कश्यप, पुलिस महानिरीक्षक आसिफ जलाल, रेडक्रॉस के सचिव पीएस राणा, जिला प्रशासन के अधिकारी, जिला रेडक्रास के सदस्य और स्वयंसेवक भी इस अवसर पर उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App