लापता पर्वतारोहियों की मौत

By: Jun 4th, 2019 12:01 am

वायुसेना के खोजी दल ने देखे पांच शव, बाकी के बचने की उम्मीद कम

नैनीताल –उत्तराखंड के नंदा देवी में अभियान पर गए सभी विदेशी पर्वतारोहियों की मौत हो गई है। भारतीय वायुसेना के खोजी दल ने सोमवार को पांच पर्वतारोहियों के शव देखे हैं। पिथौरागढ़ प्रशासन की ओर से पर्वतारोहियों के शवों को निकालने के लिए सेना व भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस का सहयोग लिया जा रहा है। जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि भारतीय वायुसेना की ओर से नंदा देवी चोटी के आसपास उच्च हिमालयी क्षेत्र में सोमवार को फिर से खोज अभियान चलाया गया। इस दौरान खोजी अभियान दल को नंदा देवी पूर्व के आसपास बर्फ में पांच शव दबे दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि अन्य पर्वतारोहियों के शव भी आसपास होने की संभावना है। जिलाधिकारी श्री जोगदंडे कहा कि ऐसा माना जा रहा है कि सभी पर्वतारोही हिम-स्खलन की चपेट में आ गए और उसी के कारण उनकी मृत्यु हो गयी। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों के शवों को निकालने के लिये जिला प्रशासन की ओर से सेना व भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) से सहयोग लिया जा रहा है। सेना व आईटीबीपी की सहमति के बाद शवों को निकालने के लिए अभियान चलाया जाएगा। दल के चार सदस्यों को वायुसेना की ओर से रविवार को मुख्यालय लाया गया है। उल्लेखनीय है कि नंदादेवी अभियान पर गए लापता पर्वतारोहियों में ब्रिटेन, अमरीका, आस्ट्रेलिया समेत एक भारतीय शामिल है। मार्टिन मोरन (ब्रिटेन), जॉन मैक्लारेन (ब्रिटेन), रूपर्ट विवैल (ब्रिटेन), रिचर्ड पियाने (ब्रिटेन), रथ मैक्केन (आस्ट्रेलिया), एंथोनी सुडकेम (अमरीका), रॉनाल्ड बेमेल (अमरीका) व चेतन पांडे (भारतीय) शामिल हैं।

नंदा देवी के अभियान पर निकले थे अभागे

नंदा देवी के अभियान पर दस मई को 12 पर्वतारोहियों का एक दल गया था। इस दल में एक भारतीय समेत 11 विदेशी पर्वतारोही शामिल थे। चार पर्वतारोही अभियान पूरा कर दूसरे आधार शिविर वापस लौट आए थे। वापस लौटे इन पर्वतारोहियों ने बताया कि आठ पर्वतारोही दूसरी चोटी के अभियान पर निकल गए है और 24 मई के बाद उनसे संपर्क नहीं हो पाया। इन्हें 25 मई तक अंतिम आधार शिविर पहुंचना था। श्री जोगदंडे ने कहा कि वापस लौटे पर्वतारोहियों से पता चला कि इस क्षेत्र में भारी हिम-स्खलन हुआ है। 31 मई को अभियान संचालित करने वाली कंपनी की ओर से पहली बार सरकार तथा प्रशासन को पर्वतारोहियों के लापता होने की सूचना दी गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App