लोगों की दिक्कतें समय पर सुलझाएं

By: Jun 7th, 2019 12:05 am

कुल्लू —राज्य सरकार के लिए लोगों की समस्याओं का समाधान करना सर्वोपरी है और इसके लिए सरकार में जनता के नुमाइंदे हर समय तत्पर हैं और उपलब्ध हैं। यह बात वन व परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने गुरुवार को मनाली में लोगों की समस्याएं सुनते हुए कही। उन्होंने कहा कि आम जनता उनके लिए बहुत महत्त्वपूर्ण है और उनकी छोटी-छोटी समस्याओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। वन मंत्री ने कहा कि लोगों की अनेक समस्याएं ऐसी होती हैं जो विभिन्न विभागों के स्तर पर निपटाई जा सकती हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लोगों की समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित करें ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े और उनके धन की भी बचत हो। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में टालम टोल का रवैया नहीं होना चाहिए, और एक उपयुक्त कार्यशैली का वातावरण उत्पन्न किया जाना चाहिए। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि देश को जहां नरेंद्र मोदी जैसा सशक्त, कुशल, ईमानदार और यशस्वी नेतृत्व मिला है। वहीं प्रदेश को मुख्यमंत्री के रूप में जयराम ठाकुर जैसा ऊर्जावान और नई सोच का व्यक्तित्व मिला है। प्रदेश के लिए प्रधानमंत्री का स्नेह निश्चित तौर पर राज्य के विकास को गति प्रदान करने में मददगार साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता के बाद पुनः प्रदेश में विकास को गति प्रदान करना आरंभ कर दिया है। परिवहन मंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कुल्लू जिले के लोगों ने भाजपा के प्रत्याशी को 88000 से अधिक मतों की लीड दिलाई। जिसके लिए यहां की जनता बधाई की पात्र है और मैं तहदिल से उनका आभार व्यक्त करता हूं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App