वन रक्षक के निलंबन पर कर्मचारी एकजुट

कुनिहार—वन मंडल कुनिहार के तहत वन परिक्षेत्र कुठाड़ दाड़वा बीट के वन रक्षक के निलंबन में कर्मचारी एकजुट हो गए हैं। इस संदर्भ में कर्मचारी 20 जून को प्रदेश मुख्यालय का घेराव करेंगे। वन रक्षक रूप राम के पक्ष में उतरे वन वृत्त बिलासपुर अराजपत्रित वन कर्मचारी संघ ने कुनिहार में एक बैठक की। बैठक की अध्यक्षता पवन कुमार प्रदेश महासचिव हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने की। जिसमें प्रदेश उपप्रधान दाता राम, सुशील कुमार प्रधान वन वृत्त बिलासपुर, सुदर्शन कुमार जमवाल सचिव, देशराज प्रधान बन मंडल बिलासपुर व कुनिहार वन मंडल के कर्मचारी उपस्थित रहे । बैठक में सभी सदस्यों ने प्रधान मुख्य अरण्य पाल वन विभाग हिमाचल प्रदेश के खिलाफ रोष व्यक्त किया। जिन्होंने वनरक्षक रूपराम को 14 जून को बिना किन्ही कारणों के जाने व नियमों के विपरीत निलंबन के आदेश जारी किए। जिसके लिए वन कर्मचारी संघ इसकी भरसक निंदा करते हैं । बिना किसी छानबीन के व अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से बिना जानकारी लिए जो सेवा निलंबन का तुगलकी आदेश जारी किए गए हैं। जो कि सरासर नियमों से विपरीत व राजनीतिक दबाव से प्रेरित है। रूप राम वनरक्षक के सेवा निलंबन आदेश तुरंत वापस लिया जाए। अन्यथा वन कर्मचारी महासंघ 19 जून को वन वृत्त स्तर पर बैठक करेगी और उसके बाद 20 जून को प्रदेश मुख्यालय वन विभाग का घेराव किया जाएगा।