विदेशी मुद्रा भंडार 423 अरब डालर पार

नई दिल्ली -मुंबई। देश का विदेशी मुद्रा भंडार सात जून को समाप्त सप्ताह में 1.68 अरब डालर बढ़कर अब तक  रिकार्ड स्तर के करीब 423.55 अरब डालर पर पहुंच गया। इससे पहले 31 मई को समाप्त सप्ताह में यह 1.87 अरब डालर बढ़कर 421.86 अरब डालर रहा था। पिछले वर्ष 20 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में यह 423.58 अरब डालर पर रहा था। रिजर्व बैंक द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सात जून को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 1.66 अरब डालर बढ़कर 395.80 अरब डालर पर पहुंच गया। इस दौरान स्वर्ण भंडार  22.95 अरब डालर पर स्थिर रहा। आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 1.4 करोड़ डालर बढ़कर 3.34 अरब डालर और विशेष आहरण अधिकार 61 लाख डालर बढ़कर एक अरब 44 करोड़ 91 लाख डालर पर रहा।