विदेश में भी चल रही सुखदेव की कलम

By: Jun 24th, 2019 12:05 am

धर्मशाला—विदेश में जाकर अकसर अपने वतन को लोग भूल ही जाते हैं और फिर विदेश की ही धरती में सदा के लिए बस जाते हैं। लेकिन देवभूमि हिमाचल के जिला कांगड़ा से संबंध रखने वाले सुखदेव सिंह विदेश की धरती से भी अपनी मिट्टी को सींचने के लिए हमेशा कलम चलाते रहते हैं। सुखदेव सिंह दुबई में चौकीदार के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, लेकिन देश व हिमाचल की समस्याओं और ज्वलंत मुद्दों पर लगातार प्रहार कर रहे हैं। इसके लिए देवभूमि का अग्रणी समाचार पत्र ‘दिव्य हिमाचल’ भी सुखदेव सिंह के हौसले को और अधिक बुलंद करते हुए अपने संपादकीय पृष्ठ में समाज से जुड़े हुए महत्त्वपूर्ण मुद्दों को प्रकाशित करने में अहम भूमिका निभा रहा है।  मेहनत, ईमानदारी और साफ -सुथरी पत्रकारिता में रुचि रखने वाले सुखदेव सिंह दुबई में भी इसी जज्बे को अपनाए हुए हैं। बात चाहे एक छात्र नेता, पत्रकार, एनएसएस कार्यकर्ता, खिलाड़ी और अब सिक्योरिटी आफिसर की हो, ईमानदारी व समाजसेवा उनके लिए सर्वोपरि रही है। बेशक भारतीय सेना और पुलिस में देश सेवा करने का मौका न मिलने का उन्हें मलाल है, लेकिन देशेभक्ति का जज्बा रखते हैं। गांव बरोह के सुखदेव सिंह का जन्म 26 अप्रैल, 1977 को पिता संसार चंद के घर हुआ था। दादा स्व. भूंडू राम जो कि देशी वैध थे, और लोगों के साथ-साथ पशुओं का भी जड़ी- बूटियों से मुफ्त में ही ईलाज करते थे। श्री सिंह ने मैट्रिक की पढ़ाई राजा का तालाब और जमा दो की पढ़ाई सात किलोमीटर दूर सीनियर सेकेंडरी स्कूल रैहन में की। वर्ष 1998 में कला स्नातक की पढ़ाई के लिए स्नातकोत्तर महाविद्यालय देहरी में दाखिला लिया। इस दौरान वह छात्र राजनीति में काफी अधिक सक्रिय रहे, और छात्रों की प्रमुख समस्याओं को लेकर कई संघर्ष भी किए। साथ ही साथ देहरी कालेज की एनएसएस इकाई द्वितीय के भी प्रधान बनकर समाज सेवा की एक मिशाल कायम की। उन्होंने जूडो खेल में भी प्रशिक्षण प्राप्त कर टीम का गठन किया और इंटर महाविद्यालय प्रतियोगिता में तीन रजत मेडल हासिल करके अपने कालेज का नाम प्रदेश में रोशन किया। सुखदेव सिंह छात्र राजनीति, एनएसएस कार्यकर्ता व खिलाड़ी के साथ-साथ पत्रकारिता से भी समाजसेवा करते रहे। दस वर्षों तक समाचार पत्र में बतौर पत्रकार अपनी सेवाएं देने वाले सुखदेव सिंह को किन्हीं कारणों की वजह से पत्रकारिता को छोड़कर रोजी-रोटी के लिए दुबई जाना पड़ा। दुबई में एक मल्टीनेशनल कंपनी में बतौर सिक्योरिटी आफिसर अपनी सेवाएं देे रहे हैं। उनकी मेहनत और ईमानदारी के लिए दो बार कंपनी से अवार्ड हासिल कर चुके हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App