शाहलु में पानी के बंटवारे पर सवाल

By: Jun 16th, 2019 12:05 am

सुन्नी-गर्मियों में पेयजल की कमी होने पर अकसर पानी के दुरुपयोग एवं पानी का उचित वितरण न होने के आरोप लगते रहते है। पेयजल स्रोतों में पानी की कमी एवं विभाग में कर्मचारियों की कमी से लोगों को अकसर गर्मियों में पानी की किल्लत सहन करनी पड़ती है। ऐसे में उपभोक्ताओं एवं कर्मचारियों में पानी आबंटन को लेकर तकरार भी होती रहती है। ऐसा ही एक मामला सुन्नी के शाहलु वार्ड में सामने आया। शाहलु वार्ड के लोगों ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य उपमंडल सुन्नी के तहत कार्यरत कर्मचारियों पर पानी का उचित वितरण न करने का आरोप लगाया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि एक हफ्ते से कालोनी में पानी नहीं आ रहा है। इसकी शिकायत कई बार वार्ड में तैनात कर्मचारियों से की गई। यही नहीं यहां के एक निवासी कृष्ण के घर में तो एक महीने से पानी ही नहीं आ रहा है। लोगों का आरोप है कि वार्ड में तैनात कर्मचारी कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए हेराफेरी करते हैं और उपभोक्ताओं को सूचित किए बिना पाइपों में ड्यूटी समय के बाद छेड़खानी करते हैं। शनिवार को इस संबंध में सुधार सभा शाहलु वार्ड से प्रतिनिधिमंडल सहायक अभियंता से मिला। प्रतिनिधिमंडल में शामिल रूपलाल,  कामिनी,  प्रोमिला,  कल्पना देवी,  रेणु शर्मा, कृष्ण,  कुंदन, राजेश, शांति देवी, सरोज, शबनम, सरला मीरा देवी, निशा, लता,  भूपेंद्र इत्यादि उपभोक्ताओं ने बताया कि शाहलु वार्ड में पानी की आपूर्ति पिछले एक हफ्ते से बंद है। उन्होंने अधिकारियों से गुहार लगाई है कि पानी की आपूर्ति शीघ्र की जाए। इस संबंध में सहायक अभियंता रंजीव शर्मा ने बताया कि शाहलु वार्ड से लोगों की पानी न आने की समस्या आई थी,  जिसे हल किया गया है। लोगों को इस कर्मचारियों के प्रति गलतफहमी हो गई थी। यदि फिर भी कोई कर्मचारी कोताही करता है तो उसके खिलाफ करवाई की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App