‘शाह’ की पाठशाला में मेंबरशिप ड्राइव का ‘पाठ’

By: Jun 14th, 2019 12:15 am

प्रदेश अध्यक्षों को पहले के मुकाबले 10 फीसदी ज्यादा सदस्य बनाने के निर्देश, दिल्ली में हुई बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने पर मंथन

शिमला – लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद दिल्ली में आयोजित भाजपा की अहम बैठक में पार्टी अध्यक्ष एवं गृहमंत्री अमित शाह ने सभी राज्य अध्यक्षों को सदस्यता अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। यानी अमित शाह की पाठशाला में मेंबरशिप ड्राइव का पाठ पढ़ाया गया। हालांकि भाजपा लगातार दूसरी बार देश की सत्ता में काबिज हुई है, लेकिन संगठन की मजबूती के लिए काम जारी रहेगा। इसे देखते हुए अमित शाह ने सभी राज्यों के साथ-साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती को जल्द ही सदस्यता अभियान शुरू करने को कहा है। दिल्ली से मिली जानकारी के मुताबिक अमित शाह ने इस बैठक में कहा कि इस बार के चुनाव में 303 सीटों के साथ भाजपा जीत कर आई, लक्ष्य 333 का था। उन्होंने सभी प्रदेश अध्यक्षों से कहा कि ईवीएम की राजनीति से बाहर निकलें, यानी कांग्रेस और विपक्ष वाले जितना शोर मचाएं, उसका करारा जवाब चुनावों में ही देंगे। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने अमित शाह को देश के गृहमंत्री बनने पर बधाई भी दी। देश में प्रचंड जीत के लिए अमित शाह से सभी राज्यों के अध्यक्षों की पीठ भी थपथपाई। बताया गया कि मेंबरशिप ड्राइव के लिए प्रदेश में भी जल्द ही प्रभारी नियुक्त होना है, जो पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान का संचालन कर सके। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बैठक के पहले दिन सिर्फ सदस्यता अभियान को ही मुख्य एजेंडा बनाया गया। इसके अलावा शुक्रवार को होने वाली अंतिम दिन की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की जानी है। सदस्यता अभियान के लिए पार्टी के केंद्रीय नेता शिवराज सिंह चौहान को प्रभारी नियुक्त किया गया।

संगठनात्मक चुनाव पर फैसला आज

भाजपा संगठनात्मक चुनाव के लिए शुक्रवार को दिल्ली में निर्णय हो सकता है। पार्टी अध्यक्ष एवं गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सभी राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ-साथ जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव और उपचुनाव होने हैं, उस पर भी रणनीति तैयार की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App