शाह ने बुलाए राज्यों के अध्यक्ष

By: Jun 10th, 2019 12:01 am

दिल्ली में 13 और 14 को संगठन पर मंथन करेगी भाजपा

शिमला – देश में प्रचंड जीत के साथ फिर से सत्ता पर काबिज हुई भारतीय जनता पार्टी अब संगठनात्मक मंथन करने जा रही है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली में 13 और 14 जून को अहम बैठक होनी है। इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह करेंगे, जिसमें सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों को बुलाया है। इस बैठक में लोकसभा चुनाव में की गई मेहनत की रिपोर्ट भी पेश की जाएगी। अमित शाह के पास मोदी मंत्रिमंडल में अहम जिम्मेदारी होने के साथ-साथ पार्टी अध्यक्ष की कमान अब किसी अन्य नेता को सौंपने पर चर्चा की जाएगी। अभी तक पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के नाम पर ही राष्ट्रीय अध्यक्ष की चर्चा चल रही है। पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की ताजपोशी के बाद प्रदेश में भी संगठनात्मक बदलाव होना है। प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक फेरबदल की तैयारी हो चुकी है। केंद्र में संगठनात्मक बदलाव के बाद ही प्रदेश में भी अध्यक्ष पद से लेकर अन्य सभी पदाधिकारियों में फेरबदल हो सकता है। अब तक चार चुनावों में पार्टी की अध्यक्षता कर चुके भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इसे देखते हुए पार्टी में अब प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए जंग भी शुरू हो गई है। हालांकि भाजपा सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष का चयन करेगी, लेकिन अब तक 10 नेताओं के नामों पर चर्चा चल रही है। भाजपा प्रदेश प्रभारी रणधीर शर्मा, त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल, चंद्रमोहन ठाकुर, राम सिंह, कृपाल परमार, विपिन सिंह परमार, सांसद रामस्वरूप शर्मा सहित 10 नेता प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में शामिल हैं। हिमाचल में भी प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों में फेरबदल हो सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App