शी का बर्थ-डे, पुतिन ने गिफ्ट की आइसक्रीम

By: Jun 17th, 2019 12:04 am

जिनपिंग ने मनाया 66वां जन्मदिन, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहे रूस के राष्ट्रपति

पेइचिंग –चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शनिवार को अपना 66वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहे रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन ने शी जिनपिंग को खास तोहफा भी दिया। चीनी मीडिया के मुताबिक, चिनफिंग को अपना खास दोस्त बताते हुए पुतिन ने उन्हें गिफ्ट में आइसक्रीम दी, जिसे जिनपिंग ने खुशी-खुशी स्वीकार किया। बता दें कि चीन में शीर्ष नेताओं की निजी जिंदगी पर बेहद कम बातें होती हैं। ठीक-ठीक डेट ऑफ बर्थ भी सार्वजनिक नहीं की जाती। इसे गुप्त ही रखा जाता है। फिर भी चीनी मीडिया के साथ-साथ रूसी मीडिया ने भी दोनों शीर्ष नेताओं की तस्वीरों को प्रसारित किया है। क्रेमलिन की वेबसाइट के मुताबिक, पुतिन ने जिनपिंग से कहा कि जन्मदिन की बधाई। मेरी शुभकामनाएं… मुझे खुशी है कि आप जैसी शख्सियत मेरे दोस्त हैं। दोनों के बीच यह मुलाकात कजाकिस्तान की राजधानी दुशांबे में आयोजित ‘एशिया में बातचीत एवं विश्वास बहाली’ (सीआईसीए) से पहले हुई थी। खबरों के मुताबिक, पुतिन द्वारा आइसक्रीम दिए जाने पर जिनपिंग ने उन्हें चीनी चाय गिफ्ट की। वहीं पुतिन ने आइसक्रीम के साथ उन्हें अन्य तोहफों में एक केक और फूलदान दिया था। तस्वीरों में दिख रहा है कि जिनपिंग और पुतिन जन्मदिन मनाने के लिए शैम्पेन के गिलास पकड़े हुए हैं। इस मौके पर जिनपिंग ने पुतिन को बताया कि वह (पुतिन) चीन में काफी मशहूर हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App