‘सत्ते पे सत्ता’ के रीमेक में काम करेंगे ऋतिक

By: Jun 7th, 2019 4:23 pm

मुंबई –  बॉलीवुड के माचो मैन ऋतिक रोशन फिल्म ‘सत्ते पे सत्ता’ के रीमेक में काम करते नजर आ सकते हैं। राज एन सिप्पी के निर्देशन में बनी और वर्ष 1982 में प्रदर्शित फिल्म सत्ते पे सत्ता का रीमेक बनाने की तैयारी चल रही है। इस नए प्रोजेक्ट के लिए फराह खान और रोहित शेट्टी ने टीमअप किया है। मेकर्स मेल लीड की कास्टिंग पर काम कर रहे हैं। चर्चा है कि अमिताभ बच्चन के रोल के लिए ऋतिक रोशन को कास्ट करने की तैयारी है। कहा जा रहा है कि फराह खान ने ऋतिक रोशन के साथ ये आइडिया शेयर किया है। ऋतिक ने प्रोजेक्ट के लिए अपनी मंजूरी दे दी है। फराह खान ने पूरी स्क्रिप्ट पर काम कर इसे आज के समय के मुताबिक बनाया है। इस प्रोजेक्ट के लिए मेकर्स को अमिताभ जैसे बड़े सितारे की जरूरत हैं। अमिताभ का रोल पर्दे पर निभाने के लिए ऋतिक रोशन मेकर्स की पहली पसंद हैं। फराह खान और ऋतिक रोशन कई सालों से दोस्त हैं। इसलिए ऋतिक कहानी सुनते ही इसे करने के लिए राजी हो गए। जल्द ही सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी, जिसके बाद ऋतिक रोशन प्रोजेक्ट के बारे में फैंस के साथ जानकारी साझा करेंगे।ऋतिक से पहले शाहरुख खान और अक्षय कुमार के नाम भी सामने आए थे। फिल्म की फीमेल लीड की कास्टिंग अभी बाकी है। उल्लेखनीय है कि सात भाइयों के बॉन्ड की कहानी बयां करती फिल्म सत्ते पे सत्ता अपने समय की मशहूर फिल्मों में से एक थी। फिल्म में अमिताभ बच्चन ने दोहरी भूमिका निभायी थी। फिल्म में अमिताभ बच्चन के अलावा हेमा मालिनी, रंजीता, सचिन, अमजद खान, शक्ति कपूर की मुख्य भूमिका थी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App