सनाहन से नहीं उठ रहा कूड़ा

शिमला —नगर निगम शिमला रूल्दूभट्टा वार्ड के सनाहन क्षेत्र की सुध नहीं ले रहा है। सनाहन में सड़कांे के किनारों पर पसरी गंदगी महामारी को न्यौता दे रही है। शिकायतें दर्ज करवाने के बाद भी नगर निगम प्रशासन इस क्षेत्र से नियमित कूड़ा उठाने में सफल नहीं हो पा रहा है। ऐसे में जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड के सनाहन क्षेत्र में कूड़ा एकत्रित करने के लिए जाली लगाई गई है। जहां पर रोजाना डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्टर द्वारा घरों से कूडा एकत्रित कर कूड़ा रखा जाता है। वहीं, रोजाना स्थानीय लोगों द्वारा भी कूड़ा उक्त स्थल पर फेंका जाता है, मगर निगम वाहन रोजाना कूड़ा एकत्रित करने के लिए यहां नहीं पहुंच पाते हैैं। ऐसे में जानवरों द्वारा सारा कूडा यहां-वहां बिखेर दिया जाता है, जिससे उक्त स्थल पर अकसर गंदगी पसरी रहती है। सनाहन के जिस स्थल पर   कूड़ा पसरा रहता है। उस स्थल से रोजाना सनाहन, पडे़ची व मिडल कुफ्टाधार के लोग शहर की मुख्य धारा से जुड़ने के लिए बस पकडते हैं। ऐसे  में उक्त स्थल पर गंदगी होने से महामारी फैलने का खतरा पैदा हो गया है। यदि समय रहते उक्त स्थल से रोजाना कूड़ा एकत्रित नहीं किया जाता है, तो क्षेत्रवासी महामारी की चपेट में आ सकते हैं।

हैंड पंप के समीप पसरी है गंदगी

सनाहन में जिस स्थल पर गंदगी पसरी हुई है। वहीं, कुछ कदमों की दूरी पर हैंडपंप लगा हुआ हैै। जहां से रोजाना लोग पीने के लिए पानी भरते हैं, मगर हैैंडपंप के समीप ही गंदगी पसरी होने से यह बीमारी का कारण बन सकता है। आवारा जानवरों द्वारा कई मर्तबा गंदगी हैंडपंप तक पहुुंचा दी जाती है।

शिकायतों पर भी नहीं हुई कोई कार्रवाई

सनाहन में सड़क पर गंदगी पसरी होने की शिकायत कई बार निगम प्रशासन को दी गई है, मगर उक्त स्थल पर अकसर गंदगी का आलम बना रहता है। स्थानीय लोगों का ओराप है कि निगम अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।