सर्दियों में लगने वाले पौधों की तलाश

By: Jun 24th, 2019 12:01 am

राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड चलाएगा विशेष अभियान

शिमला —नदी क्षेत्रों में हरियाली रोपने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के बाद अब बोर्ड कोल्ड क्लाइमेट में लगने वाले पौधे लगाने की तैयारी में है। गर्मियों में इन दिनों पौधे लगाए जा रहे हैं, जिसके बाद सर्दियों में भी पौधे लगाए जाएंगे। ऐसी प्रजातियों को ढूंढा जा रहा है। सभी क्षेत्रों में उन प्रजातियों को लेकर काम हो रहा है जहां पर सर्दियों में पौधे विकसित होते हैं। ऐसी कई तरह की प्रजातियां हिमाचल में पाई जाती हैं, जिस पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड काम कर रहा है। प्रदूषण बोर्ड ने राज्य में पापा नाम से एक प्रोजेक्ट चला रखा है, जिसके बाद अब पापा टू नामक प्रोजेक्ट आएगा। इसके दूसरे चरण में सर्दियों में लगने वाले पौधों को लगाया जाएगा ताकि दोनों मौसम में पौधे विकसित हों और हरियाली बढ़े। यह पौधे जहां नदी क्षेत्रों के आसपास लगाए जाएंगे वहीं जंगलों में भी इन प्रजातियों को विशेष रूप से लगाया जाएगा। जंगलों के लिए बोर्ड का विशेष अभियान होगा, जिसमें वन विभाग के साथ स्वयं सेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा। हाल ही में प्रदूषण बोर्ड ने उद्योग क्षेत्रों के आसपास हरियाली रोपने के लिए एक अभियान चलाया है, जिसके तहत बद्दी एरिया में सिरसा नदी के किनारे 21 हजार पौधे लगाने की मुहिम चल रही है। इसी तरह से काला अंब, परवाणू व कुछ अन्य क्षेत्रों में भी हरियाली रोपने का काम चल रहा है।

ढूंढी जा रही प्रजातियां

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव डा. राज कृष्ण पु्रर्थी ने बताया कि सर्दियो में लगने वाले पौधों की प्रजातियों को ढूंढा जा रहा है, जिन्हें राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में विकसित किया जाएगा। साल भर प्रत्येक मौसम में विकसित होने वाले पौधों को लगाने का अभियान चलाने से  हरियाली बढ़ेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App