सलानी कटोला में खैर के पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी

By: Jun 11th, 2019 12:05 am

नाहन। जिला मुख्यालय नाहन के साथ लगते क्षेत्र सलानी कटोला में अवैध रूप से खैर के सात पेड़ काटे जाने का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के मुताबिक एक ठेकेदार ने परमिट से अधिक खैर के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला दी। इसकी सूचना जब मिली तो शिकायत विभाग के पास पहुंच  गई। शिकायत के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए ठेकेदार पर जुर्माना लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक ठेकेदार ने कटोला में खैर के पेड़ों को काटने के लिए परमिट लिया था। जिसके बाद व्यक्ति ने परमिट के अलावा साथ लगते खैर के करीब सात पेड़ों को काट दिया। जब आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली तो लोगों ने इसकी शिकायत वन विभाग से की जिसके बाद वन विभाग ने हरकत में आते हुए  कार्रवाई कर ठेकेदार पर करीब 5,250 रुपए जुर्माना लगाया है। इतना ही नहीं ठेकेदार द्वारा काटे गए पेड़ों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। वन विभाग के अनुसार मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। उधर, बताया जा रहा है कि ठेकेदार परमिट के अनुसार काटी गई लकड़ी को पहले ही काटकर ले जा चुका था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App