हंसराज रघुवंशी परखेंगे हिमाचल की आवाज

By: Jun 27th, 2019 12:04 am

धर्मशाला में चलेगा सुरों का जादू, प्रो. परमहंस आहुजा और डा. मदन झाल्टा भी निभाएंगे निर्णायक की भूमिका

 धर्मशाला —‘दिव्य हिमाचल’ मीडिया ग्रुप के मेगा इवेंट ‘हिमाचल की आवाज’ के सीजन सात में हिमाचली गायक हंसराज रघुवंशी शुक्रवार 28 जून को प्रतिभागियों के हुनर परखेंगे। निर्णायक मंडल की भूमिका में प्रो. परमहंस आहुजा और डा. मदन झाल्टा भी अहम योगदान देंगे। धर्मशाला कालेज के त्रिगर्त सभागार में हिमाचल की आवाज का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर के जूनियर व सीनियर प्रतिभागी प्रतियोगिता में भाग लेने धर्मशाला पहुंचेंगे। ‘दिव्य हिमाचल’ मीडिया गु्रप  पिछले सात सीजन से निरंतर हिमाचल को एक नई आवाज चुन कर दे रहा है। हिमाचल की आवाज के मंच से निकली हुई प्रतिभाएं देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में अपनी आवाज का जादू बिखेर रही हैं। इस मंच से निकली हुई प्रतिभाओं ने देश भर के नामी इंडियन आइडल, सारेगामापा इवेंट में शीर्ष स्थान तक पहुंच कर प्रदेश, अपने परिजनों और गुरुओं का नाम रोशन किया है। ‘दिव्य हिमाचल परिवार’ ने प्रदेश की अनजान प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए ही इवेंट करवाना शुरू किए थे। इसके बाद अब ‘दिव्य हिमाचल’ इंडोर के साथ-साथ आउटडोर इवेंट करवाकर प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। ‘दिव्य हिमाचल’ मीडिया ग्रुप हिमाचल की आवाज में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश और विदेश में अपनी गायकी के दम पर पहचान बनाने वाले प्रदेश के बेटे हंसराज रघुवंशी इस बार प्रदेश की जूनियर व सीनियर प्रतिभाओं के सुर और ताल की पहचान करेंगे। हंसराज रघुवंशी प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश भर में अपनी आवाज के दम पर धूम मचा रहे हैं। इसी तरह प्रो. परमहंस आहुजा संगीत गुरु हैं और प्रदेश के कई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के मंचों तक पहुंचा चुके हैं। इतना ही नहीं, प्रो. परमहंस आहुजा संगीत के क्षेत्र में अपनी पहचान रखते हैं संगीत की प्रतियोगिताओं में हिमाचल ही नहीं, बल्कि बाहरी राज्यों में कई बार निर्णायक मंडल की भूमिका अदा कर चुके हैं। इसी तरह मदन झाल्टा संगीत विषय में पीएचडी हैं। इनकी पहचान हिमाचल संगीत, लाइट म्यूजिक और क्लासिकल में अच्छी पकड़ है, साथ ही वह गाने लिखने, संगीत निर्देशन और डांस कोरियोग्राफर भी हैं। वह 70 से ज्यादा वीडियो गाने कर चुके हैं। इसके साथ-साथ डा. झाल्टा संगीत के कई प्रतियोगिताओं में निर्णायक मंडल की भूमिका भी निभा चुके हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App