हमीरपुर के घर-घर पहुंचे एसपी

हमीरपुर—दिनदहाड़े चोरी की वारदातों के सुराग ढूंढने में कामयाबी न मिलने के बाद पुलिस ने अब अनोखी मुहिम छेड़ी है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर स्वयं मैदान में उतरे हैं। तपती दोपहरी में पुलिस अधीक्षक शहर के लोगों के घर-घर पहुंचे। उनके साथ उनकी टीम भी मौजूद रही। इस दौरान चोरी की वारदातों से बचने के लिए पंफ्लेट के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक की ऐसी पहल देखकर लोग भी काफी हैरान थे। एसपी ने स्वयं जाकर लोगों से बात की तथा चोरी होने के कारण तथा बचाव बताए। बांटे गए पंफ्लेट्स में भी ये पूरी जानकारी शामिल है। इस कार्य में पीपीए के सदस्यों ने पुलिस विभाग का पूरा साथ दिया है। पुलिस पब्लिक एसोसिएशन के सहयोग से हमीरपुर शहर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान लोगों से अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस को सहयोग करने व तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील भी की गई। उपरोक्त सारे अभियान का नेतृत्व  स्वयं एसपी अर्जित सेन ठाकुर व रेणु शर्मा डीएसपी हमीरपुर ने किया। कार्यक्रम के अंत में थाना सदर हमीरपुर में एसपी ने स्थानीय शहर के उपस्थित गणमान्यों के साथ बातचीत की और विचार साझा किए। बता दें कि शहर में दिनदहाड़े चोरी की वारदातें हुई हैं। दिनदहाड़े चोरी होने के बाद आज तक पुलिस के हाथ चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज तक खंगाल चुकी है। बावजूद चोरों का सुराग न लगना चिंता का विषय बना हुआ है। अब पुलिस चोरों को पकड़ने के साथ ही लोगों को जागरूक करना जरूरी समझ रही है। इसी कड़ी में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।