हरियाणा को मिलेंगे पांच नए थाने

By: Jun 9th, 2019 12:02 am

बढ़ते अपराधों से निपटने के लिए मनोहर खट्टर सरकार तैयार

पंचकूला – हरियाणा सरकार ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को और मजबूत कर प्रभावी ढंग से अपराध से निपटने के लिए अंबाला रेंज में मौजूदा पुलिस चैकियों को अपग्रेड कर पांच नए पुलिस थाने स्थापित करने का निर्णय लिया है। पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अंबाला रेंज के पांच पुलिस चैकियों को पुलिस स्टेशनों में अपग्रेड करने के लिए गृह विभाग के एक प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। ये नए पुलिस थाने गांधी नगर, यमुनानगर, सेक्टर-नौ अंबाला, कृष्णा गेट, थानेसर, कुरुक्षेत्र, सिटी पिहोवा, कुरुक्षेत्र और सेक्टर-17, हुडा, जगाधरी, यमुनानगर में स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नए पुलिस थानों के लिए 331 पदों को भी मंजूरी प्रदान की है, जिस पर 14 करोड़  48 लाख रुपए से अधिक का वार्षिक व्यय होगा। प्रत्येक पुलिस स्टेशन में निरीक्षकों के पांच पद, 12 उप निरीक्षक, 24 सहायक उपनिरीक्षक, 54 हेड कांस्टेबल, 216 कांस्टेबल और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी होंगे। डीजीपी ने अंबाला रेंज में नए पुलिस स्टेशनों के लिए सहमति प्रदान करने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि इससे जनसंख्या वृद्धि और तेजी से बढते शहरीकरण के मद्देनजर प्रदेश विशेषकर अंबाला रेंज में कानून और व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि लोगों को नजदीक में थाना होने  से काफी सहायता मिलेगी व इससे क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर शिकंजा कसा जा सकेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App