हरियाणा में 100 दिनों के भीतर होगी सरकारी नौकरियों की भर्ती

By: Jun 9th, 2019 12:03 am

चंडीगढ़- लोकसभा हरियाणा  सरकार  आगामी 100 दिनों के भीतर भारी मात्रा में सरकारी नौकरियों में भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने के साथ-साथ ही स्कूल-कॉलेजों में शिक्षा के स्तर में सुधार, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने के साथ हर वर्ग की समस्याओं के स्थाई समाधान के पर काम ध्यान केंद्रित करेगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह जानकारी झज्जर में आयोजित कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए दी। मनोहर लाल ने कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, रोहतक के नवनिर्वाचित सांसद अरविंद शर्मा तथा बहादुरगढ़ से विधायक नरेश कौशिक के साथ झज्जर जिला के कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह में पहुंच कर पार्टी कार्यकर्ताओं, पन्ना प्रमुख, बूथ प्रमुख व शक्ति केंद्र पालकों पर पुष्प वर्षा कर लोकसभा चुनाव में किए गए परिश्रम के लिए अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा में विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े 20 हजार  पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह कार्य आगामी तीन माह के भीतर ही पूरा किया जाएगा। राज्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग में पांच हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। साथ ही गु्रप डी के रिक्त पदों को भरने के लिए आगामी भर्ती में पिछली बार प्रतीक्षा सूची में रह गए उम्मीदवारों को प्राथिमकता भी मिलेगी। उन्होंने रोजगार के साथ-साथ सरकारी स्कूल-कॉलेजों में शिक्षा के स्तर में सुधार लाने की दिशा में काम करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षण संस्थाओं में पढ़ाई के स्तर को ऊंचा करना, बिल्डिंग ठीक करना, अध्यापकों की क्षमता वर्धन करने जैसे काम किए जाएंगे। बच्चों के भविष्य, सुरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं में भी विस्तार किया जाएगा।  मनोहर लाल ने  कहा  कि  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के  गरीब परिवारों के लिए प्रधानममंत्री जन आरोग्य योजना से समाज के गरीब वर्ग को वार्षिक पांच लाख रुपए के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिली है। स्वास्थ्य सेवाओं में हरियाणा सरकार की उपलब्धि गिनाते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में राज्य के 700 छात्रों का एमबीबीएस में दाखिला होता था, जोकि 2019 में बढ़कर 1450 हो गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App