हार के सदमे से बाहर नहीं निकल पा रहे कांग्रेसी

By: Jun 6th, 2019 12:06 am

आभार रैली में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बोले, मुझे नेता न मानने वालों को जनता ने दे दिया जवाब

मंडी— बुधवार को सेरी मंच से आभार रैली में पहुंचे लोगों का अभिवादन स्वीकार करते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर

मंडी – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में हिमाचल में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद कांग्रेस नेता सदमे में हैं और वे इससे बाहर नहीं निकल पा रहे। कई नेता तो हार पर शोध कर रहे हैं। मंडी के सेरी मंच पर आभार रैली को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि समय ने उन लोगों को जवाब दे दिया है, जो कहते थे कि जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री तो बन गए हैं, लेकिन नेता नहीं बने हैं। बहुत से लोगों को धारणा थी किशिमला क्षेत्र एक नेता के नाम पर चलता है और मंडी एक-दूसरे नेता के नाम पर, लेकिन जनता ने साबित कर दिया है कि अब नए नाम जुड़ गए हैं और वह दौर चला गया है। आभार रैली से पहले मुख्यमंत्री का सुंदरनगर से लेकर मंडी तक लोगों ने जगह-जगह स्वागत किया और मुख्यमंत्री ने भी चुनावों में मिले समर्थन के लिए लोगों का आभार प्रकट किया। इसके बाद सेरी मंच पर लोगों को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद तो यही निष्कर्ष निकलता है कि राहुल बाबा वर्षों तक कांग्रेस के अध्यक्ष बने रहे। उसमें भाजपा का ही फायदा है। चुनाव में कांग्रेस को सबसे बड़ा नुकसान राहुल गांधी के एक नारे ने ही पहुंचाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चोर कहा और उसका जवाब देश की जनता ने वोट के माध्यम से कांग्रेस को दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने चुनाव प्रचार के दौरान ही कहा था कि परिणाम आने के बाद देश कांग्रेस मुक्त और कांग्रेस गांधी परिवार से मुक्त हो जाएगी, जिसकी शुरूआत राहुल गांधी ने त्यागपत्र देकर कर दी है, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी को रोकने में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि आखिर ऐसा राहुल गांधी ने क्या कर दिया है। लोकसभा चुनाव में छोटे से हिमाचल में भाजपा को बड़ी जीत मिली है। यह चुनाव इतिहास में दर्ज हो गया है और जब भी इतिहास में जिक्र आएगा तो हिमाचल की अपार जीत की मिसाल दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कई मायनों में हिमाचल की जीत ऐतिहासिक है।  68 के 68 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को बढ़त मिली है। पूरे देश में सबसे अधिक 70 प्रतिशत वोट शेयर भाजपा को हिमाचल ने दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला सीट को कांग्रेस वाला अपना बताते थे, क्योंकि कांग्रेस के एक बडे़ नेता ने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ रहा है, लेकिन शिमला में बहुत बड़ी जीत भाजपा ने दर्ज की है। रोहड़ू और रामपुर तक भाजपा ने जीत दर्ज की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी जीत के साथ ही जिम्मेदारी भी बड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के साथ-साथ मंडी में भी कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। इस अवसर पर आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, वन मंत्री गोविंद ठाकुर, विधायक कर्नल इंद्र सिंह, राकेश जम्वाल, विनोद कुमार, हीरा लाल, जवाहर ठाकुर, इंद्र सिंह गांधी, प्रकाश राणा, मिल्कफेड के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, प्रदेश महामंत्री रामसिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष रणवीर सिंह, प्रदेश सचिव पायल वैद्य, नगर परिषद अध्यक्ष सुमन ठाकुर, सदर ाजपा मंडलाध्यक्ष मनीष कपूर समेत पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अनुराग मंत्री, जल्दी मिलेगी दूसरी खुशी

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल से चारों सीटें जीतने के बाद पहले ही मंत्रिमंडल विस्तार में अनुराग ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। अब जल्द ही हिमाचल को एक और बड़ी खबर मिलेगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा पार्टी संगठन का नेतृत्व करेंगे।

कांग्र्रेस ने पहले कर ली थी रोने की रिहर्सल

जयराम ठाकुर ने कहा कि मतदान के बाद जैसे ही एग्जिट पोल शुरू हुए, तो सभी दलों ने मिलकर रोना शुरू कर दिया और पहले ही रिहर्सल कर ली थी कि अगले दिन ईवीएम को दोष देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में अगर कांग्रेस जीती, तो ईवीएम ठीक है, वरना इसमें गड़बड़ी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App