हार पर आज मंथन करेगी कांग्रेस

By: Jun 10th, 2019 12:01 am

राजधानी पहुंचीं रजनी पाटिल, शिमला बुलाए सभी प्रत्याशी

शिमला – लोकसभा चुनाव में बड़ी हार का कांग्रेस आज पोस्टमार्टम करेगी। हारे हुए प्रत्याशियों व नेताओं के साथ मंथन किया जाएगा, जिसके बाद हार से सबक लेकर कई तरह के बदलाव आने वाले दिनों में किए जाएंगे। मंथन बैठक में हार के कारण जानने के लिए कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल यहां पहुंच चुकी हैं। सोमवार को पार्टी कार्यालय में दोपहर बाद चर्चा की जाएगी। रजनी पाटिल ने चारों संसदीय क्षेत्रों से प्रत्याशियों को शिमला बुलाया है। दोपहर बाद इन सभी प्रत्याशियों के साथ अलग-अलग बैठक की जाएगी। इनसे हार के कारण पूछे जाएंगे। बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चलेगी। इसके बाद शाम को कांग्रेस विधायकों के साथ अलग से बैठक होगी। इन बैठकों में पार्टी पता करेगी कि विधायकों के अपने क्षेत्रों में ऐसा क्यों हुआ कि एक भी जगह लीड नहीं मिल सकी। इसका विधानसभा के चुनाव में क्या प्रभाव रहेगा और इससे आने वाले समय में कैसे पार पाया जा सकता है। विधायक इसमें संगठन और कमियां बताएंगे, जिससे संगठन को फिर सबक लेने की जरूरत है। चुनाव में निष्क्रिय लोगों और अन्य पदाधिकारियों की परफॉर्मेंस को लेकर चर्चा के साथ किस तरह का संगठन भविष्य में होना चाहिए, इस पर बात की जाएगी।

जो कभी नहीं हुआ, अब होगा

माना जा रहा है कि संगठन में अब ऐसे बदलाव होंगे, जो पहले कभी नहीं हुए। पहले नेताओं के कहने पर लोगों को औहदे मिलते थे, लेकिन अब काम के आधार पर औहदा देने की तैयारी है, ताकि कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ सके। कांग्रेस के इस मंथन में क्या कुछ निकलकर सामने आता है, यह जल्द पता चलेगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App