हिमाचल के लिए केंद्र से लाएंगे बड़े प्रोजेक्ट

By: Jun 9th, 2019 12:07 am

बिलासपुर – केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश को हर संभव सहायता प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बेहतरीन कार्य कर रही है। राज्य के विकास को गति देने के लिए प्रदेश में चल रहे विभिन्न विकासात्मक कार्य आपसी समन्वय से किए जाएंगे, ताकि प्रदेश में विकास को तीव्रता से आगे बढ़ाया जा सके। यह बात केंद्रीय वित्त राज्य एवं कारपोरेट मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को  नगर परिषद परिसर में आयोजित अभिनंदन समारोह में कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास मूल मंत्र पर कार्य किया। इसी का प्रतिफल है कि लोक सभा के चुनावों में मतदाताओं ने 70 प्रतिशत मतदान भाजपा के पक्ष में कर भारी जीत दिलाई। उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक कार्यकर्ता ने शानदार प्रदर्शन किया है, जिसके लिए उन्होंने आभार प्रकट किया। पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी प्रदेश के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास को गति देने के लिए और प्रोजेक्ट लाने के प्रयास किए जाएंगे। प्रदेश हित के लिए केंद्र में पैरवी करने में कोई भी कसर शेष नहीं रखेंगे। सभी लोगों के कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने का भरपूर प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह पहले की ही तरह भाजपा के कार्यकर्ता है और रहेंगे भी, कोई भी व्यक्ति बिना किसी औपचारिकता से बेझिझक उनसे मिल सकता है। इस अवसर पर स्थानीय विधायक सुभाष ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का धन्यवाद करते हुए कहा कि अनुराग ठाकुर को मंत्री बनाया गया है, जो कि हिमाचल के लिए बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि अढ़ाई माह की कड़ी मेहनत के पश्चात जो परिणाम आए हैं, वे न कभी पहले आए हैं और न ही भविष्य में इस बारे भविष्यवाणी की जा सकती है, लेकिन रिकार्ड मतों से प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कोई भी ऐसा क्षेत्र नहीं है, जहां से भारतीय जनता पार्टी को लीड न मिली हो। बिलासपुर में भी लोगों ने दिल खोलकर भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास किया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सादगी शराफत और अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में विश्वास प्रकट किया है।

इन्होंने दर्ज करवाई मौजूदगी

अभिनंदन समारोह में विधायक राजेंद्र गर्ग, जेआर कटवाल,  किशोरी लाल, प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा, पूर्व विधायक रिखी राम कौंडल, विचित्र सिंह, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष उषा ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष हंसराज ठाकुर, नरेंद्र ठाकुर, कुलदीप ठाकुर, सुभाष मन्हास, कैप्टन चौधरी प्रेम सिंह, राम कुमार शर्मा, आशीष ढिल्लों, प्रदेश मत्स्य प्रकोष्ठ अध्यक्ष लाली के अतिरिक्त पार्षद व स्थानीय जनता उपस्थित रही।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App